रिपोर्ट: अमित शुक्ला
सहार। सहार थाना क्षेत्र के सहार-दिबियापुर मार्ग पर मंगलवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहार पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल पिता को प्राथमिक उपचार के बाद तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पुरवा तारा निवासी 50 वर्षीय सुघर सिंह राजमिस्त्री का काम करते हैं। उनका 22 वर्षीय बेटा अमन मजदूरी करता था। मंगलवार को पिता-पुत्र किसी काम से सहार आए थे। काम निपटाने के बाद दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सहार-दिबियापुर मार्ग पर टीवीएस एजेंसी के पास दिबियापुर की ओर से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गणेश गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी सहार पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सुघर सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
अमन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि अमन चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसकी एक बहन भी है, जिसकी शादी हो चुकी है। अमन अभी अविवाहित था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही अन्य विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
