Homeउत्तर प्रदेशखेरागढ़ में भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से दामाद और...

खेरागढ़ में भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से दामाद और सास की मौत; परिवारों में मचा कोहराम

रिपोर्ट :- अमित शर्मा

आगरा में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला खेरागढ़ थाना क्षेत्र के महुआखेड़ा चौराहे का है, जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दामाद और उनकी सास की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों बाइक से जा रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची खेरागढ़ थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर उनकी शिनाख्त की। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। अपनों की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान शमसाबाद निवासी हाकिम सिंह और उनकी सास गुड्डी देवी निवासी फतेहपुर सीकरी के रूप में हुई है। दोनों की एक साथ मौत से परिवारों में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में कुछ समय पहले तक खुशियां थीं, वहां अब चीख-पुकार और अपनों को खोने का गम है।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि दुर्घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular