Homeउत्तर प्रदेशयूपी: सीएम योगी ने 4,543 पुलिसकर्मियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, अभ्यर्थियों से...

यूपी: सीएम योगी ने 4,543 पुलिसकर्मियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, अभ्यर्थियों से पूछे तीन सवाल

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेई शुक्ला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित 4,543 अभ्यर्थियों को धनतेरस के अवसर पर नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। इस दौरान सीएम योगी ने अभ्यर्थियों से तीन सवाल पूछकर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता का मुद्दा भी उठाया।

मुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों से पूछा कि क्या किसी को नौकरी पाने के लिए सिफारिश करवानी पड़ी? क्या किसी भी स्तर पर लेन-देन हुआ या किसी ने पैसे देने का प्रस्ताव दिया? तीसरा सवाल पूछते हुए उन्होंने कहा कि क्या किसी ने धौंस दिखाकर नियुक्ति पत्र हासिल करने की कोशिश तो नहीं की? इस पर सीएम योगी ने मुस्कुराते हुए कहा कि तीसरी बात पर तो वह खुद भी विश्वास नहीं करते।

2017 के बाद बिना सिफारिश और रिश्वत के मिल रही नौकरी: सीएम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में युवाओं को बिना सिफारिश, बिना पक्षपात और बिना रिश्वत के सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। अब युवाओं की मेहनत और योग्यता को सम्मान मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नौजवानों को नौकरी देने का सिलसिला बिना रुके, बिना डिगे और बिना झुके लगातार जारी रहेगा।

सीएम ने कहा कि नियुक्ति पत्र वितरण का यह अभियान आगे भी चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि अभी तक एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं। आने वाले समय में भी युवाओं को रोजगार देने की प्रक्रिया जारी रहेगी।

25 हजार शिक्षकों को भी मिलेगा नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में बताया कि प्रदेश सरकार जल्द ही 25 हजार शिक्षकों को भी नियुक्ति पत्र देने जा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

सीएम योगी ने नवनियुक्त पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि धनतेरस के शुभ अवसर पर मिली यह नियुक्ति उनके जीवन में नई शुरुआत है। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों से अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान देने की अपेक्षा की।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि नियुक्तियों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने राजनीतिक संदर्भ में कहा कि कुछ नियुक्ति पत्र तीसरी बार सरकार बनने पर दिए जाएंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular