लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गरीब और वंचित परिवारों को लेकर बड़ा चुनावी वादा किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में PDA सरकार बनने पर मुफ्त राशन के साथ लोगों को सरसों का तेल भी दिया जाएगा। अखिलेश ने कहा कि उनकी सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि किसी भी शोषित, वंचित और गरीब व्यक्ति को अपमान का सामना न करना पड़े।
अखिलेश यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया के जरिए भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए महिला सम्मान, सामाजिक न्याय और गरीबों के अधिकारों का मुद्दा उठाया। उनके इस संदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर महिला और युवा वर्ग को साधने की रणनीति भी दिखाई दी।
अयोध्या में महिलाओं के साथ कथित मारपीट का उठाया मामला
सपा अध्यक्ष ने अयोध्या में दीपोत्सव के बाद बचे हुए दीयों से तेल इकट्ठा कर रहे गरीब परिवारों की महिलाओं और बच्चों के साथ कथित मारपीट का मामला उठाया। उन्होंने इसे भाजपा के नारी वंदन कार्यक्रम से जोड़ते हुए आरोप लगाया कि महिला सम्मान की बात करने वाली भाजपा से जुड़े लोगों ने महिलाओं के साथ हिंसक व्यवहार किया।
अखिलेश ने कहा कि अयोध्या में सामने आया यह दृश्य वंदनीय नहीं, बल्कि निंदनीय है। उन्होंने महिला आयोग से मामले का संज्ञान लेने और संबंधित भाजपा कार्यकर्ताओं तथा आयोजकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की।
लखनऊ अग्निकांड में मृतक की मां का भी उठाया मुद्दा
अखिलेश यादव ने लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले युवक की मां से जुड़े मामले को भी उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री पर दुखी मां का सार्वजनिक रूप से अपमान करने का आरोप लगाया। सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की महिलाएं इस घटना को नहीं भूलेंगी और आने वाले चुनाव में इसका असर दिखाई देगा।
उन्होंने भाजपा के खिलाफ महिलाओं में नाराजगी होने का दावा करते हुए कहा कि मातृशक्ति का आक्रोश चुनाव में सामने आएगा।
महिला और युवा वर्ग पर सपा की नजर
सपा अध्यक्ष ने 2024 के लोकसभा चुनाव और 2026 के विधान परिषद चुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए दावा किया कि भाजपा के प्रति जनता का रुख बदल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के वादों का असर अब खत्म हो रहा है और पार्टी से जुड़े कई राजनीतिक लोग जनाक्रोश के कारण दूसरी पार्टियों में संभावनाएं तलाश रहे हैं।
अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव को महिला और युवा वर्ग बनाम भाजपा की लड़ाई बताते हुए सामाजिक न्याय का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। मुफ्त राशन के साथ सरसों का तेल देने का वादा इसी चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
