लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस की कथित प्रताड़ना और एनकाउंटर की धमकियों से परेशान एक एसयूवी चालक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले चालक ने छह वीडियो बनाए, जिनमें उसने अपनी आपबीती बताने के साथ पत्नी, बच्चों, मां और भाई-बहनों से माफी मांगी।
वीडियो में उसने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि उसे झूठे चोरी और अश्लीलता के मामले में फंसाया जा रहा था। आरोप है कि पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जुर्म कबूल करने का दबाव बनाया और ऐसा न करने पर एनकाउंटर करने की धमकी दी।
मृतक की पहचान ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के लालाबाग निवासी मनीष देशराज उर्फ छोटू (38) के रूप में हुई है। वह एक ट्रैवल एजेंसी में एसयूवी चलाता था। परिवार में पत्नी पिंकी और दो बच्चे युवी व ऋषभ हैं। मनीष के भाई गुड्डू के मुताबिक, वह पिछले करीब दो वर्षों से नेहा और सपना नाम की दो महिलाओं को अपनी गाड़ी से लाने-ले जाने का काम करता था।
परिजनों का आरोप है कि दोनों महिलाएं किसी बात को लेकर मनीष को परेशान कर रही थीं। दो दिन पहले उन्होंने उस पर 12 लाख रुपये चोरी करने का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने मनीष को पहले भुंवर चौकी बुलाया और फिर मोहान रोड चौकी ले गई। आरोप है कि वहां पुलिसकर्मियों ने उस पर चोरी कबूल करने का दबाव बनाया। साथ ही एनकाउंटर करने और गोली मारने की धमकी भी दी। परिजनों के मुताबिक, इन घटनाओं के बाद से मनीष काफी डरा हुआ था।
पत्नी को भेजे तीन वीडियो, फिर हो गया लापता
परिजनों के मुताबिक, दीपावली के दिन मनीष दोपहर करीब एक बजे घर से निकला था। शाम करीब पांच बजे उसने पत्नी को तीन वीडियो भेजे। इन वीडियो में उसने पुलिस की कथित प्रताड़ना और धमकियों का जिक्र किया। साथ ही परिवार के सदस्यों से माफी मांगी और बताया कि उसका मोबाइल स्कूटी की डिक्की में रखा है।
वीडियो मिलने के बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान मनीष की गाड़ी लालाबाग पुल के नीचे खड़ी मिली। बाद में उसका शव मिलने की सूचना परिजनों को दी गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस पर लगे आरोपों की जांच एसीपी को सौंपी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मनीष दो युवतियों के संपर्क में था, जो उसे कथित रूप से प्रताड़ित कर रही थीं। मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, मनीष की ओर से पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों की जांच एसीपी बाजारखाला को सौंपी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
