रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में धर्मांतरण और डॉ. रमीज प्रकरण को लेकर अब आरोपी डॉक्टरों पर कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। एसटीएफ की जांच रिपोर्ट में नामजद 13 डॉक्टरों के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने छह सदस्यीय अनुशासनात्मक कमेटी गठित की है। कार्यपरिषद से मंजूरी मिलने के बाद कमेटी मंगलवार को अपनी पहली बैठक करेगी। इसमें एसटीएफ की सात पेज की जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की समीक्षा की जाएगी।
कुलपति और रिटायर्ड IPS अधिकारी भी कमेटी में
छह सदस्यीय कमेटी में KGMU की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद और कुलसचिव रीना सिंह को शामिल किया गया है। इनके अलावा विश्वविद्यालय के दो शिक्षक सदस्यों को भी जगह दी गई है। इनमें एक अन्य पिछड़ा वर्ग और दूसरे अनुसूचित जाति वर्ग से हैं। कमेटी में दो सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारियों को भी शामिल किया गया है। इस तरह कमेटी में विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षक वर्ग और पुलिस सेवा का अनुभव रखने वाले अधिकारी शामिल हैं।
साक्ष्यों की जांच के बाद तय होगी कार्रवाई
कमेटी की पहली बैठक में एसटीएफ की रिपोर्ट में दर्ज आरोपों, तथ्यों और साक्ष्यों पर चर्चा होगी। इसके बाद संबंधित डॉक्टरों को अपना पक्ष रखने का अवसर देने पर भी विचार किया जाएगा। कमेटी आरोपों की गंभीरता और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश करेगी। जरूरत पड़ने पर मामले की जांच का दायरा बढ़ाने का विकल्प भी खुला रहेगा।
प्रशासनिक पदों से हटाए जा सकते हैं आरोपी डॉक्टर
जांच प्रक्रिया को प्रभावित होने से बचाने के लिए आरोपी डॉक्टरों को KGMU के महत्वपूर्ण प्रशासनिक और विभागीय पदों से हटाने के विकल्प पर भी विचार किया जा सकता है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निर्णय कमेटी की सिफारिश और सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद ही लिया जाएगा। अब मंगलवार को होने वाली पहली बैठक पर सभी की नजरें टिकी हैं।
