रिपोर्ट – प्रिया बाजपेयी शुक्ला
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने शनिवार को मेघना चौधरी के साथ सगाई कर ली। अलीगढ़ में आयोजित समारोह में दोनों ने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह के पोते संदीप सिंह की सगाई का समारोह शाही अंदाज में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं।

संदीप सिंह और मेघना चौधरी की कहानी स्कूल के दिनों से शुरू हुई थी। दोनों की पहली मुलाकात अलीगढ़ के दिल्ली पब्लिक स्कूल में हुई थी। मेघना, संदीप से जूनियर थीं। स्कूल में मुलाकातों का सिलसिला धीरे-धीरे दोस्ती में बदला और बाद में दोनों के बीच प्यार हो गया।
साल 2012 में संदीप सिंह ने 12वीं की पढ़ाई पूरी की और स्कूल से निकल गए। इसके बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा। वहीं मेघना ने आगे की पढ़ाई के लिए विदेश का रुख किया। विदेश में रहने के बावजूद दोनों के बीच रिश्ता बना रहा। अब परिवारों की सहमति के बाद यह रिश्ता शादी में बदलने जा रहा है।
कौन हैं मेघना चौधरी?
मेघना चौधरी मूल रूप से अलीगढ़ के इगलास क्षेत्र की रहने वाली हैं। उनका परिवार इगलास के गोंडा क्षेत्र के तारपुर गांव से ताल्लुक रखता है। बताया जाता है कि करीब 15 साल पहले मेघना का परिवार गाजियाबाद में जाकर बस गया था।
मेघना के पिता अरुण चौधरी कारोबारी हैं और जूतों का व्यवसाय करते हैं। मेघना ने स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद विदेश में कानून की पढ़ाई की।
2024 में परिवारों के बीच शुरू हुई शादी की बातचीत
बताया जा रहा है कि संदीप और मेघना की शादी को लेकर दोनों परिवारों के बीच साल 2024 में बातचीत शुरू हुई थी। लंबे समय से चले आ रहे इस रिश्ते को अब परिवारों की सहमति मिल गई है। शनिवार को हुई सगाई के बाद दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंधेंगे।
संदीप सिंह राजनीतिक परिवार से आते हैं। वह पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पोते हैं, जबकि उनके पिता राजवीर सिंह भी सांसद रह चुके हैं। संदीप सिंह वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार में बेसिक शिक्षा मंत्री हैं।
छोटे भाई सौरभ की भी होगी शादी
संदीप सिंह के छोटे भाई सौरभ सिंह की भी शादी होने जा रही है। सौरभ की सगाई अंतरा त्यागी से हुई है। दोनों भाइयों की शादी को लेकर दिल्ली में कार्यक्रम प्रस्तावित है।
बताया जा रहा है कि संदीप सिंह और मेघना चौधरी की शादी 27 नवंबर 2026 को दिल्ली में होगी। शादी समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
