रिपोर्ट : दीपक जौहरी
झांसी। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर झांसी में रविवार को श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। शहर के विभिन्न घाटों पर सुबह से ही पूजा की तैयारियां शुरू हो गई थीं। पूर्वांचल और बिहार से आकर झांसी में रह रहे परिवारों ने बड़ी संख्या में छठ पूजा में हिस्सा लिया।
घाटों पर व्रती महिलाओं ने छठी मइया के पारंपरिक गीत गाते हुए पूजा की तैयारियां पूरी कीं। कोई फल, प्रसाद और सूप सजा रहा था तो कोई पूजन स्थल को व्यवस्थित करने में जुटा था। छठी मइया के भक्तिमय गीतों से घाट गूंजते रहे और पूरा वातावरण श्रद्धा और भक्ति से सराबोर नजर आया।
पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य दिया। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी पूजा में शामिल हुए और विधि-विधान से सूर्य देव तथा छठी मइया की आराधना की। व्रती महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की।
बिहार और पूर्वांचल की संस्कृति से जुड़े इस महापर्व को लेकर झांसी में रहने वाले परिवारों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना कर अपनी सांस्कृतिक परंपराओं और जड़ों से जुड़ाव को बनाए रखने का संदेश दिया।
