लखनऊ। दीपावली और छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने विशेष बस संचालन की व्यवस्था की।
योगी सरकार के निर्देश पर 6 से 17 नवंबर तक चलाई गई इस विशेष व्यवस्था के दौरान रोडवेज बसों से दो करोड़ से अधिक यात्रियों ने सफर किया। परिवहन निगम ने यात्रियों की सुविधा के लिए प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसें लगाईं, जिससे त्योहारों पर लोगों को आवागमन में राहत मिली।
परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि दीपावली और छठ के दौरान प्रदेश में यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई। खासकर पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने व्यापक इंतजाम किए थे।
यात्रियों की जरूरत के अनुसार बसों की संख्या बढ़ाई गई और नियमित संचालन के साथ अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी की गई।
17 नवंबर को 31 लाख से अधिक यात्रियों ने किया सफर
परिवहन मंत्री के अनुसार, 6 नवंबर को 18.06 लाख, 7 नवंबर को 16.72 लाख, 8 नवंबर को 17.36 लाख, 9 नवंबर को 14.12 लाख, 10 नवंबर को 16.42 लाख और 11 नवंबर को 19.45 लाख से अधिक यात्रियों ने बसों से यात्रा की।
इसी तरह 12 नवंबर को 19.26 लाख, 13 नवंबर को 22.40 लाख, 14 नवंबर को 20.07 लाख, 15 नवंबर को 20.13 लाख, 16 नवंबर को 17.15 लाख और 17 नवंबर को 31.27 लाख से अधिक यात्रियों ने परिवहन निगम की बसों में सफर किया।
पूर्वांचल के यात्रियों के लिए किए गए विशेष इंतजाम
त्योहारों के दौरान दिल्ली, मुंबई समेत प्रदेश के विभिन्न महानगरों और दूसरे राज्यों के औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले लोग बड़ी संख्या में अपने घर लौटते हैं। इस दौरान पूर्वांचल के रूटों पर यात्रियों का दबाव अधिक रहता है। इसे देखते हुए परिवहन निगम ने पूर्वांचल सहित प्रदेश के प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया, ताकि यात्रियों को समय से उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने संभाली व्यवस्था
दयाशंकर सिंह ने कहा कि योगी सरकार का प्रयास है कि त्योहारों के दौरान आम लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन सेवा मिले। बसों की कमी के कारण यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए परिवहन निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने समन्वय के साथ काम किया। अतिरिक्त बसों के संचालन और बेहतर प्रबंधन से त्योहारों के दौरान आवागमन को सुचारु बनाए रखा गया।
