अयोध्या, 18 नवंबर। रामनगरी अयोध्या में चौदह कोसी परिक्रमा को लेकर श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा है। मंगलवार रात से शुरू हुई परिक्रमा बुधवार को ब्रह्म मुहूर्त से पहले ही पूरे उत्साह के साथ जारी रही।
रामनाम का जयघोष करते हुए बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा परिक्रमा मार्ग पर आगे बढ़ते नजर आए। अनुमान के मुताबिक अब तक करीब दो लाख श्रद्धालु परिक्रमा पूरी कर चुके हैं।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए योगी सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं। परिक्रमा मार्ग पर जगह-जगह पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य शिविर, प्रकाश और साफ-सफाई की व्यवस्था की गई है। वहीं, सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
सरयू घाट से लता मंगेशकर चौक तक अधिकारियों ने संभाली कमान
एडीजी लखनऊ जोन प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, एएसपी गौरव ग्रोवर और नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार ने सरयू घाट से लता मंगेशकर चौक तक विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया गया।
सीसीटीवी और ड्रोन से हो रही निगरानी
परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन की मदद ली जा रही है। पूरे मेला क्षेत्र पर लगातार नजर रखी जा रही है। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए खोया-पाया केंद्र बनाए गए हैं। वहीं, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से जरूरी सूचनाएं और दिशा-निर्देश प्रसारित किए जा रहे हैं।
साढ़े छह घंटे में मंडलायुक्त ने पूरी की परिक्रमा
मंडलायुक्त राजेश कुमार ने भी चौदह कोसी परिक्रमा में हिस्सा लिया। उन्होंने सहादतगंज स्थित हनुमानगढ़ी से परिक्रमा शुरू की और करीब छह घंटे 30 मिनट में इसे पूरा किया। यात्रा के दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर रुककर पेयजल, सफाई, प्रकाश, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही श्रद्धालुओं से बातचीत कर अधिकारियों को व्यवस्थाएं लगातार दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं ने की प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना
कानपुर से आए बृजमोहन ने बताया कि वह पिछले 18 वर्षों से लगातार अयोध्या में परिक्रमा करने आ रहे हैं। इस बार पहले के मुकाबले व्यवस्थाएं काफी बेहतर हैं। रास्ते में पेयजल की सुविधा, अच्छी रोशनी और पुलिसकर्मियों का सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में हुए बदलाव साफ नजर आते हैं।
वहीं, बिहार के मुजफ्फरपुर से आईं सीता देवी तीन पीढ़ियों के साथ परिक्रमा करने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि परिवार की दादी, वह खुद और उनकी बेटी एक साथ परिक्रमा कर रही हैं। रास्ते में जगह-जगह पानी और लस्सी की व्यवस्था की गई है। प्रशासन के इंतजामों से श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिल रही है।
जगह-जगह भंडारे और स्वास्थ्य शिविर
परिक्रमा मार्ग पर सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से भंडारे लगाए गए हैं। यहां श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न स्थानों पर चिकित्सा शिविर स्थापित किए हैं, जहां डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन के लिए भी उमड़ी भीड़
चौदह कोसी परिक्रमा के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु राम मंदिर और हनुमानगढ़ी स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन कर रहे हैं। मंदिरों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराए जा सकें।
11 जोन और 21 सेक्टर में बांटा गया परिक्रमा मार्ग
सुरक्षा व्यवस्था के तहत चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग को 11 जोन और 21 सेक्टर में विभाजित किया गया है। वहीं, अयोध्याधाम के प्रमुख धार्मिक स्थलों और अतिरिक्त मार्गों को छह जोन और 26 सेक्टर में बांटकर पुलिस बल तैनात किया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए 16 अपर पुलिस अधीक्षक, 35 उपाधीक्षक, 90 निरीक्षक, 355 उपनिरीक्षक, 35 महिला उपनिरीक्षक, 1320 आरक्षी, 140 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल के साथ पीएसी की पांच कंपनियां लगाई गई हैं। प्रशासन का पूरा जोर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और परिक्रमा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर है।
