रिपोर्ट : प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ के चिनहट इलाके में 22 वर्षीय B.Arch छात्रा शिवानी मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शिवानी ने अशरफ विहार कॉलोनी स्थित शक्ति अपार्टमेंट के फ्लैट में फांसी लगाई। वह बीबीडी में पढ़ाई के साथ नौकरी भी कर रही थी। पुलिस ने कमरे से दुपट्टा और डायरी में लिखा पुराना सुसाइड नोट बरामद किया है। वहीं, छात्रा के पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से जांच और एफआईआर की मांग की है।
शिवानी प्रयागराज के नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम लेदहा की रहने वाली थी। वह चिनहट के शक्ति अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 205 में दो सहेलियों के साथ रहती थी। 18 नवंबर की शाम करीब 8 बजे उसकी सहेली रिया मिश्रा नौकरी से वापस लौटी। फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था।
गार्ड की मदद से अंदर जाने पर शिवानी कमरे में जमीन पर बेहोश मिली। इसके बाद रिया ने अपने परिचित अभिषेक चौधरी को बुलाया और शिवानी को लोहिया अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर चिनहट पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम से कमरे की जांच कराई। पुलिस को पंखे से दुपट्टा लटका मिला, जिसे कब्जे में ले लिया गया। कमरे में रखी डायरी से एक पुराना सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस नोट की जांच कर रही है।
पुलिस ने अपार्टमेंट में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और गार्ड समेत अन्य लोगों से पूछताछ की। शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध तथ्य सामने नहीं आया है। हालांकि, शिवानी के पिता ने बेटी की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है।
इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक, परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों और अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
