Homeउत्तर प्रदेश68500 शिक्षक भर्ती: RLD कार्यालय पर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, झाड़ू लगाकर बजाई...

68500 शिक्षक भर्ती: RLD कार्यालय पर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, झाड़ू लगाकर बजाई थाली-सीटी, पुलिस से झड़प

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण की विसंगतियों को दूर कर नियुक्ति की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन तेज होता जा रहा है।

पिछले 80 दिनों से लखनऊ के ईको गार्डन में धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने गुरुवार को राष्ट्रीय लोकदल (RLD) कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने झाड़ू लगाकर और थाली, सीटी व डमरू बजाकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया

प्रदर्शनकारियों ने आरक्षण में कथित गड़बड़ी को लेकर जमकर नारेबाजी की। उन्होंने सरकार से भर्ती प्रक्रिया में संशोधन कर नियुक्ति का शेड्यूल जारी करने की मांग की।

अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से आंदोलन करने के बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

23 हजार खाली पदों पर नियुक्ति की मांग

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे आशुतोष वर्मा ने कहा कि अब आंदोलन निर्णायक दौर में पहुंच चुका है। सरकार को अभ्यर्थियों के साथ न्याय करते हुए 68500 शिक्षक भर्ती मामले का जल्द समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।

वहीं, दूसरे नेतृत्वकर्ता तूफान सिंह ने कहा कि जब तक नियुक्ति का शेड्यूल जारी नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग और विधान परिषद समिति के आदेशों का हवाला देते हुए संशोधित परिणाम जारी करने की मांग की।

अभ्यर्थी रंजना जायसवाल ने दावा किया कि भर्ती में करीब 23 हजार पद खाली हैं, जिनमें लगभग नौ हजार पद ओबीसी वर्ग के हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अपने स्तर से मामले का समाधान कर योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति दे सकती है।

पुलिस से हुई झड़प, बसों में बैठाकर ईको गार्डन भेजे गए अभ्यर्थी

प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच तनातनी भी हुई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें जबरन बसों में बैठाकर ईको गार्डन भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर अभ्यर्थियों में नाराजगी देखने को मिली। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से उनका आंदोलन कमजोर नहीं होगा और नियुक्ति मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

प्रदर्शन में सुमन यादव, प्रतिमा कुशवाहा, आभा सिंह, रिशिता पाल, रणबहादुर वर्मा, उत्कर्ष सिंह पटेल, आरपी यादव, संजीव वर्मा समेत बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद रहे।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular