Homeनई दिल्लीनौकरी छूटने पर PF के पैसे के लिए नहीं करना होगा लंबा...

नौकरी छूटने पर PF के पैसे के लिए नहीं करना होगा लंबा इंतजार, 90% तक निकासी का रास्ता साफ; रिटायरमेंट पर मिलेगी किस्तों में रकम

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। नौकरी छूट जाए, परिवार में अचानक कोई बड़ा खर्च आ जाए या बच्चों की पढ़ाई और शादी के लिए पैसों की जरूरत पड़े, तो अब कर्मचारियों को अपनी PF की जमा पूंजी तक पहुंचने में पहले से ज्यादा राहत मिल सकती है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने PF निकासी से जुड़े नियमों में बड़े बदलावों को मंजूरी दी है।
इसके तहत पात्र कर्मचारी अपने योग्य PF बैलेंस का 90 फीसदी तक निकाल सकेंगे। वहीं, नौकरी छूटने के बाद पूरा PF निकालने के लिए 12 महीने के बजाय अब दो महीने का इंतजार करना होगा। इसके अलावा रिटायरमेंट के बाद नियमित आमदनी के लिए सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) को भी मंजूरी दी गई है।

अब PF खाते में 10 फीसदी रकम रखना होगा जरूरी

EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की 240वीं बैठक में PF निकासी के नियमों में राहत देने का फैसला लिया गया। अब खाते में न्यूनतम बैलेंस रखने की अनिवार्य सीमा 25 फीसदी से घटाकर 10 फीसदी करने को मंजूरी दी गई है। इसका मतलब है कि पात्र सदस्य अपने योग्य PF बैलेंस का 90 फीसदी तक निकाल सकेंगे। पहले यह सीमा 75 फीसदी थी। हालांकि, यह सुविधा निर्धारित पात्रता और नियमों के अधीन होगी। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को जरूरत के समय ज्यादा आर्थिक मदद उपलब्ध कराना और रिटायरमेंट के लिए कुछ बचत सुरक्षित रखना है।

नौकरी छूटने पर दो महीने में निकाल सकेंगे पूरा PF

नौकरी जाने के बाद आर्थिक संकट से जूझने वाले कर्मचारियों को भी राहत मिलेगी। EPFO ने बेरोजगारी की स्थिति में पूरा PF निकालने की प्रतीक्षा अवधि 12 महीने से घटाकर दो महीने करने को मंजूरी दी है। इससे नौकरी छूटने के बाद कर्मचारियों को अपनी जमा रकम के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। पहले अक्टूबर 2025 में इस अवधि को बढ़ाकर 12 महीने किया गया था। अब इसे फिर से दो महीने करने का फैसला लिया गया है।

इलाज, पढ़ाई और शादी के लिए भी PF निकासी

EPF के तहत कर्मचारियों को कई जरूरी जरूरतों के लिए आंशिक निकासी की सुविधा मिलती है। इसमें खुद या परिवार के सदस्यों के इलाज, बच्चों की पढ़ाई और शादी जैसे खर्च शामिल हैं। इसके अलावा घर या फ्लैट खरीदने, मकान बनाने और आवास से जुड़ी दूसरी जरूरतों के लिए भी तय शर्तों के अनुसार PF से पैसा निकाला जा सकता है।

EPFO ने पहले ही आंशिक निकासी से जुड़े 13 प्रावधानों को तीन श्रेणियों में व्यवस्थित किया है। इनमें जरूरी जरूरतें, आवास संबंधी जरूरतें और विशेष परिस्थितियां शामिल हैं। शिक्षा के लिए अधिकतम 10 बार और शादी के लिए पांच बार निकासी की सुविधा भी दी गई है।

रिटायरमेंट के बाद SWP से मिलेगी नियमित आमदनी

रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए EPFO ने सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) को मंजूरी दी है। इसके तहत कर्मचारी अपनी PF की पूरी रकम एक साथ निकालने के बजाय किस्तों में प्राप्त कर सकेंगे। इससे रिटायरमेंट के बाद नियमित आमदनी का विकल्प मिलेगा।

इस सुविधा में सदस्य की मृत्यु होने पर खाते में बची रकम पर नॉमिनी या आश्रित का अधिकार रहेगा। वे शेष रकम निकाल सकेंगे या निर्धारित शर्तों के अनुसार नियमित किस्तें प्राप्त करना जारी रख सकेंगे।

EPFO के मुताबिक, शुरुआती चरण में 55 वर्ष से अधिक उम्र के और पांच लाख रुपये से ज्यादा PF जमा वाले करीब 6.32 लाख सदस्य SWP सुविधा के संभावित लाभार्थी हो सकते हैं। इन बदलावों को लागू करने के लिए संबंधित योजना में जरूरी संशोधन और अधिसूचना जारी की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular