Homeउत्तर प्रदेशनिवेश का लाभ स्थानीय युवाओं तक पहुंचना सुनिश्चित करें अधिकारी: सीएम योगी

निवेश का लाभ स्थानीय युवाओं तक पहुंचना सुनिश्चित करें अधिकारी: सीएम योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन की बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए उद्योगों और निवेशकों को दी जा रही सुविधाओं, टैक्स रियायतों और सब्सिडी का लाभ स्थानीय युवाओं और नागरिकों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि निवेश के जरिए पैदा होने वाले रोजगार में प्रदेश के युवाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। सरकार की हर नीति और निर्णय के केंद्र में प्रदेश की जनता का हित सर्वोपरि है।

मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि बुनियादी ढांचे, औद्योगिक विकास और लोककल्याण से जुड़ी सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। बैठक में कमीशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का प्रस्तुतीकरण किया।

3.10 लाख आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को बढ़ा मानदेय देने के निर्देश

सीएम योगी ने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के बढ़े हुए मानदेय का लाभ सभी विभागों में कार्यरत कर्मचारियों को समय से और पूरा देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेश के 88 विभागों में तैनात 3,10,437 आउटसोर्सिंग कर्मियों के भुगतान की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नई व्यवस्था के तहत बढ़े हुए मानदेय के भुगतान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि कर्मचारियों को संशोधित मानदेय का भुगतान समय पर मिले।

एक्सप्रेसवे परियोजनाओं में तेजी लाने पर जोर

बैठक में एक्सप्रेसवे परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के लिए 91.46 प्रतिशत भूमि का क्रय पूरा हो चुका है। आगरा-लखनऊ-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे के लिए 82.98 प्रतिशत, झांसी लिंक के लिए 86.04 प्रतिशत और जेवर लिंक एक्सप्रेसवे के लिए 83.45 प्रतिशत भूमि उपलब्ध हो चुकी है।

इन परियोजनाओं के लिए निर्माण एजेंसियों को एलओए भी जारी किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे की निविदा प्रक्रिया 30 नवंबर तक पूरी करने के निर्देश दिए। वहीं, ग्रेटर नोएडा के मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब की वित्तीय बिड दो सप्ताह में खोलने को कहा।

12.50 लाख गरीब परिवारों को योजनाओं से जोड़ने का लक्ष्य

जीरो पावर्टी योजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने चिह्नित 12.50 लाख गरीब परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। अब तक 59,447 पीएम एवं सीएम आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं, जबकि 1,04,583 परिवारों को आयुष्मान कार्ड से संतृप्त किया गया है।

कौशल प्रशिक्षण के तहत 11,298 युवाओं को प्रशिक्षण देकर सेवायोजित किया गया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पात्र परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।

श्रमिकों को लेबर अड्डों पर ही मिलें सुविधाएं

सीएम योगी ने श्रमिकों की सुविधा के लिए लेबर अड्डों पर ही श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, रियायती भोजन और मुफ्त दवाइयां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला श्रम भागीदारी बढ़ाने के लिए नोएडा, लखनऊ और गाजियाबाद में निर्माणाधीन आठ वर्किंग वूमेन हॉस्टलों के निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा।

इसके अलावा 11,350 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए।

सड़क और सिंचाई परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग की 50 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 279 परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेश की शेष सड़कों को गड्ढामुक्त करने पर भी जोर दिया।

सिंचाई परियोजनाओं की समीक्षा में मध्य गंगा नहर के दूसरे चरण, हस्तिनापुर तटबंध और सिंहवाहिनी पम्प नहर को शीघ्र लोकार्पण के लिए तैयार करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए और सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular