रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
वाराणसी। देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी आज कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आस्था, अध्यात्म और रोशनी के अद्भुत संगम की साक्षी बनेगी। देव दीपावली के मौके पर काशी के 88 घाटों से लेकर गंगा पार के रेतीले क्षेत्र और शहर के कुंडों तक 11 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। गंगा की लहरों पर झिलमिलाते दीपों के बीच भव्य गंगा आरती, 2100 स्वदेशी ड्रोन से शिव तांडव की प्रस्तुति, लेजर शो और पर्यावरण अनुकूल आतिशबाजी मुख्य आकर्षण होंगे।
देव दीपावली में इस बार 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान है। प्रदेश सरकार की ओर से आयोजन को भव्य और दिव्य बनाने के लिए सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
88 घाटों से गंगा पार तक रोशनी
देव दीपावली पर काशी के 88 पक्के घाटों पर 83 समितियों और जनसहभागिता से करीब पांच लाख दीप जलाए जाएंगे। वहीं गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में 3.5 लाख और शहर के 103 कुंडों पर 2.5 लाख दीप प्रज्ज्वलित होंगे।
दीप प्रज्ज्वलन शाम 5:15 से 5:45 बजे के बीच होगा। इसके बाद प्रमुख घाटों पर शाम 6 से 7 बजे तक मां गंगा की भव्य आरती की जाएगी। दीपों से सजे घाटों का नजारा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए खास आकर्षण रहेगा।
2100 ड्रोन से आसमान में दिखेगा शिव तांडव
इस बार देव दीपावली में आधुनिक तकनीक भी आकर्षण का बड़ा केंद्र होगी। गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में 2100 स्वदेशी ड्रोन के जरिए भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, शिव तांडव और मां गंगा के अवतरण से जुड़े दृश्य आसमान में साकार किए जाएंगे।
ड्रोन शो शाम 8 से 8:10 बजे तक होगा। इसके अलावा चेत सिंह घाट पर शाम 7:20 से 7:45 बजे तक 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो आयोजित किया जाएगा। रात 8:30 बजे ललिता घाट के सामने गंगा पार हरित आतिशबाजी की जाएगी।
दशाश्वमेध घाट पर 51 हजार दीपों से महाआरती
दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि की ओर से 21 कुंतल फूलों और 51 हजार दीपों से सजावट की जाएगी। यहां 21 अर्चक और 42 देव कन्याएं मां गंगा की महाआरती करेंगी। इस वर्ष महाआरती को कारगिल युद्ध के शहीदों को समर्पित किया जाएगा।
अमर जवान ज्योति की अनुकृति के सामने रीथ लेइंग भी किया जाएगा। वहीं गंगोत्री सेवा समिति की ओर से 151 लीटर दूध से मां गंगा का अभिषेक किया जाएगा।
बाबा विश्वनाथ धाम में भी दीपोत्सव
देव दीपावली के अवसर पर श्रीकाशी विश्वनाथ धाम को फूलों और विद्युत झालरों से सजाया गया है। पुष्कर तालाब पर काशी की महान विभूतियों की स्मृति में 2100 दीप जलाए जाएंगे। शहर के प्रमुख सरकारी भवनों, होटलों और घाटों को भी आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया गया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए घाट क्षेत्र को 20 सेक्टर और गंगा पार के क्षेत्र को 14 सेक्टर में बांटा गया है। सुरक्षा, यातायात और सुगम दर्शन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। आयोजन को देखते हुए नावों, बजड़ों और क्रूज की अधिकांश बुकिंग पहले ही हो चुकी है।
त्रिपुरासुर वध से जुड़ी है देव दीपावली की मान्यता
धार्मिक मान्यता के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। भगवान शिव की इस विजय की खुशी में देवताओं ने काशी में दीप जलाकर उत्सव मनाया था। इसी मान्यता के चलते कार्तिक पूर्णिमा पर काशी में देव दीपावली मनाने की परंपरा चली आ रही है।
