Homeउत्तर प्रदेश68,500 शिक्षक भर्ती: 85 दिन से धरने पर अभ्यर्थी, राजनाथ सिंह और...

68,500 शिक्षक भर्ती: 85 दिन से धरने पर अभ्यर्थी, राजनाथ सिंह और केशव मौर्य से लगाई नियुक्ति की गुहार

लखनऊ, 24 नवंबर। उत्तर प्रदेश की 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति का मामला आठ साल बाद भी नहीं सुलझ सका है। नियुक्ति और न्याय की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है।

मंगलवार को ईको गार्डन में धरने के 85वें दिन अभ्यर्थियों के सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं

प्रतिनिधिमंडल ने राजनाथ सिंह को ज्ञापन सौंपकर भर्ती में आरक्षण संबंधी विसंगतियों और पिछले आठ वर्षों से चल रहे संघर्ष की जानकारी दी।

अभ्यर्थियों के मुताबिक, रक्षामंत्री ने मामले का सरकार के स्तर पर समाधान कराने का आश्वासन दिया। साथ ही विस्तृत बातचीत के लिए दिल्ली स्थित अपने आवास पर मिलने का समय भी दिया।

इसके बाद अभ्यर्थियों ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि 85 दिनों से लगातार धरना देने के बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है। इस पर डिप्टी सीएम ने भरोसा दिलाया कि मामला सरकार के संज्ञान में है और जल्द सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिलने का भी आश्वासन दिया।

 नीतीश कुमार से मुलाकात कराने का भी मिला भरोसा

अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने जदयू के प्रदेश मंत्री हरिशंकर पटेल से भी मुलाकात की। उन्हें आरक्षण विसंगति से जुड़े पूरे मामले की जानकारी दी गई। हरिशंकर पटेल ने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से मुलाकात कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की मांगें जायज हैं और सरकार को उन्हें न्याय देना चाहिए।

 नियुक्ति का शेड्यूल जारी नहीं हुआ तो तेज होगा आंदोलन

आंदोलन के नेतृत्वकर्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा। यदि जल्द नियुक्ति का शेड्यूल जारी नहीं किया गया तो अभ्यर्थी सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने को मजबूर होंगे। उन्होंने इसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार, बेसिक शिक्षा विभाग और बेसिक शिक्षा मंत्री की बताई।

वहीं, नेतृत्वकर्ता तूफान सिंह ने पिछड़ा वर्ग आयोगों और विधान परिषद की समितियों की ओर से जारी आदेशों का अनुपालन कर तत्काल नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि 10 सितंबर की बैठक में मंत्रियों और अधिकारियों की मौजूदगी में आरक्षण अनियमितता स्वीकार की जा चुकी है। ऐसे में नियुक्ति में और देरी का कोई औचित्य नहीं है।

धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने स्पष्ट किया कि जब तक नियुक्ति का शेड्यूल लिखित रूप में जारी नहीं होता और उस पर अमल शुरू नहीं होता, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। मंगलवार को भी अभ्यर्थियों का धरना ईको गार्डन में जारी रहा।

प्रतिनिधिमंडल में आशुतोष वर्मा, तूफान सिंह, नवीन चौधरी, रण बहादुर सिंह, उत्कर्ष पटेल, मोहित अहलावत और मनीष पटवा शामिल रहे।

 

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular