Homeउत्तर प्रदेशयोगी सरकार की योजना से दो मासूमों को मिली सुनने-बोलने की नई...

योगी सरकार की योजना से दो मासूमों को मिली सुनने-बोलने की नई उम्मीद, कानपुर में हुआ कोक्लियर इम्प्लांट

अलीगढ़। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत अलीगढ़ के दो मासूम बच्चों का कानपुर के मेहरोत्रा ईएनटी हॉस्पिटल में कोक्लियर इम्प्लांट Also गया। दोनों बच्चे जन्म से सुनने और बोलने में असमर्थ थे।

आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवारों के लिए लाखों रुपये की सर्जरी कराना संभव नहीं था। योजना के तहत बच्चों को चिन्हित कर उनकी जांच और उपचार की प्रक्रिया पूरी कराई गई।

अतरौली के गांव खेड़ा कल्याणपुर निवासी परमवीर का दो वर्षीय बेटा बचपन से सुन और बोल नहीं पाता था। इसी तरह किंजलपुर निवासी मुकेश कुमार का तीन वर्षीय बेटा युवराज सिंह भी सुनने और बोलने की समस्या से जूझ रहा था। परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज कराना मुश्किल था।

गांव-गांव जांच के दौरान चिन्हित हुए बच्चे

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-गांव जाकर बच्चों की जांच करती है। इसी दौरान दोनों बच्चों में सुनने की गंभीर समस्या सामने आई। जांच के बाद चिकित्सकों ने कोक्लियर इम्प्लांट की जरूरत बताई। इसके बाद बच्चों को कानपुर के मेहरोत्रा ईएनटी हॉस्पिटल भेजा गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दोनों की सर्जरी की।

अधिकारियों के मुताबिक, एक बच्चे की सर्जरी पर करीब छह लाख रुपये का खर्च आया। योजना के तहत उपचार का खर्च सरकार की ओर से वहन किया गया। सर्जरी के बाद बच्चों को नियमित स्पीच थेरेपी की जरूरत होगी, जिससे वे धीरे-धीरे आवाज पहचानने और बोलने की क्षमता विकसित कर सकें।

2021 से अब तक 31 बच्चों का कोक्लियर इम्प्लांट

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अलीगढ़ जिले में वर्ष 2021 से अब तक करीब 31 बच्चों का कोक्लियर इम्प्लांट कराया जा चुका है। योजना का उद्देश्य ऐसे बच्चों की समय रहते पहचान कर उन्हें उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक स्थिति इलाज में बाधा न बने।

क्या है कोक्लियर इम्प्लांट?

कोक्लियर इम्प्लांट एक इलेक्ट्रॉनिक मेडिकल डिवाइस है, जिसे सुनने की गंभीर समस्या वाले मरीजों में लगाया जाता है। यह ध्वनि संकेतों को इलेक्ट्रॉनिक सिग्नल में बदलकर श्रवण तंत्र तक पहुंचाने में मदद करता है। सर्जरी के बाद बच्चों को नियमित स्पीच और हियरिंग थेरेपी की आवश्यकता होती है, ताकि वे आवाज को समझने और बोलने की क्षमता विकसित कर सकें।

परिवारों ने जताया आभार

सर्जरी के बाद दोनों परिवारों में खुशी का माहौल है। परमवीर ने बताया कि उनका बेटा आवाज सुन नहीं पाता था और बुलाने पर भी प्रतिक्रिया नहीं देता था। अब उन्हें उम्मीद है कि इलाज के बाद वह आवाज सुनने और बोलने की दिशा में आगे बढ़ सकेगा।

मुकेश कुमार ने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्हें बेटे के इलाज की चिंता थी। योजना के माध्यम से सर्जरी होने के बाद परिवार को बड़ी राहत मिली है।

डीईआईसी मैनेजर मोहम्मद मोनाजिर ने बताया कि सर्जरी के बाद बच्चों को नियमित स्पीच थेरेपी की जरूरत होगी। विभाग की ओर से बच्चों की निगरानी की जाएगी और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि जिले में ऐसे बच्चों की पहचान के लिए अभियान जारी है। आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां, आशा कार्यकर्ता और आरबीएसके की टीमें गांव-गांव जाकर बच्चों की जांच कर रही हैं।

योजना के तहत जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इसमें सुनने-बोलने की समस्या, हृदय रोग, कटे होंठ और तालू, टेढ़े पैर समेत कई जन्मजात और बाल्यावस्था से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं को शामिल किया गया है।

 

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular