Homeउत्तर प्रदेशयूपी की साइबर सुरक्षा का बनेगा मास्टर प्लान, 25 नवंबर को लखनऊ...

यूपी की साइबर सुरक्षा का बनेगा मास्टर प्लान, 25 नवंबर को लखनऊ में जुटेंगे विशेषज्ञ

उत्तर प्रदेश में साइबर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की तैयारी तेज हो गई है। इसके लिए बुधवार, 25 नवंबर को लखनऊ में शासन, पुलिस, तकनीकी संस्थानों और उद्योग जगत के विशेषज्ञ एक मंच पर जुटेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप आयोजित इस कार्यशाला में प्रदेश के सरकारी डेटा, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और महत्वपूर्ण सूचना प्रणालियों को साइबर हमलों से सुरक्षित रखने के लिए रणनीति तैयार की जाएगी।

उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (यूपीएसआईएफएस) की ओर से आयोजित इस कार्यशाला में सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (डीएससीआई) और वैश्विक तकनीकी कंपनी सिस्को की भागीदारी रहेगी। गोमती नगर विस्तार स्थित यूपी-112 मुख्यालय के प्रज्ञा कॉन्फ्रेंस हॉल में सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक इसका आयोजन प्रस्तावित है।

AI और क्वांटम तकनीक से जुड़े खतरों पर होगी चर्चा

कार्यशाला में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्वांटम तकनीक और तेजी से बदलते डिजिटल परिदृश्य से पैदा होने वाले साइबर खतरों पर विशेषज्ञ मंथन करेंगे। इसमें एआई आधारित साइबर हमलों, डेटा चोरी, डिजिटल प्लेटफॉर्म की कमजोरियों और भविष्य में क्वांटम तकनीक से उत्पन्न होने वाले सुरक्षा जोखिमों से निपटने के उपायों पर चर्चा होगी।

इसके साथ ही सरकारी विभागों और महत्वपूर्ण डिजिटल प्रणालियों की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया जाएगा। साइबर हमलों की समय पर पहचान, त्वरित कार्रवाई और नुकसान को कम करने के लिए प्रभावी संस्थागत तंत्र विकसित करने पर भी जोर रहेगा।

पांच प्रमुख बिंदुओं पर तैयार होगी रणनीति

यूपीएसआईएफएस के निदेशक डॉ. जीके गोस्वामी के मुताबिक, कार्यशाला में पांच प्रमुख उद्देश्यों पर चर्चा होगी। इनमें उभरती तकनीकों से जुड़े साइबर खतरों के प्रति प्रशासनिक जागरूकता बढ़ाना, सरकारी डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा तैयारियों का आकलन और साइबर गवर्नेंस को मजबूत करना शामिल है।

इसके अलावा एआई और क्वांटम युग की चुनौतियों के अनुरूप भविष्य की सुरक्षा प्रणालियां विकसित करने तथा सरकार, उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच साझेदारी बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा। साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान और तकनीकी क्षमता निर्माण को प्रोत्साहित करना भी कार्यशाला का अहम उद्देश्य है।

डिजिटल सेवाओं के बढ़ते इस्तेमाल के बीच नागरिकों के डेटा की गोपनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। कार्यशाला से प्रदेश में साइबर सुरक्षा के लिए दीर्घकालिक और मजबूत व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण सुझाव मिलने की उम्मीद है।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular