रिपोर्ट : प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। ग्लैमर, आत्मविश्वास और शानदार प्रदर्शन के बीच दुनिया को अपनी नई मिस यूनिवर्स मिल गई है। प्यूर्टो रिको की 27 वर्षीय जेनिफर बैरेटो ने मिस यूनिवर्स 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। प्रतियोगिता का 75वां संस्करण प्यूर्टो रिको की राजधानी सैन जुआन के जोस मिगुएल एग्रेलोट कोलिजियम में आयोजित किया गया। फिनाले में पिछली विजेता मैक्सिको की फातिमा बॉश ने जेनिफर को ताज पहनाया।
इस बार मुकाबला काफी कड़ा रहा। डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज फर्स्ट रनर-अप और वेनेजुएला की क्लारा वेगास गोएत्ज सेकंड रनर-अप रहीं। वहीं, फिलीपींस की बीया मिलान-विंडोर्स्की तीसरे और न्यूजीलैंड की जॉर्जिया वाडिंगटन चौथे स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता में 116 देशों और क्षेत्रों की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
एक सवाल के जवाब ने दिलाया मिस यूनिवर्स का ताज
फिनाले के आखिरी दौर में टॉप-5 प्रतिभागियों से पूछा गया कि आज की दुनिया को अपने नेताओं से सबसे ज्यादा किस चीज की जरूरत है?
जेनिफर बैरेटो ने अपने जवाब में कहा कि दुनिया को ऐसे नेताओं की जरूरत है, जो पेशेवर होने के साथ-साथ दूसरों की भावनाओं और परेशानियों को भी समझें। उनके मुताबिक, एक सच्चा लीडर वही है जो अपने सिद्धांतों पर कायम रहे, खुद उदाहरण पेश करे और दूसरों को बेहतर करने के लिए प्रेरित करे।
उनके इस जवाब को उनकी जीत की बड़ी वजहों में से एक माना जा रहा है।
3150 हीरों से तैयार किया गया खास ताज
इस साल मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता का 75वां यानी डायमंड एडिशन था। इस खास मौके पर विजेता के लिए ‘द रेडियंस ऑफ एन इटरनल लेगेसी’ नाम का शानदार ताज तैयार किया गया। इसमें 18 कैरेट व्हाइट गोल्ड के साथ 3,150 हीरे जड़े हैं। यह ताज प्रतियोगिता के 75 साल के गौरवशाली सफर को समर्पित है
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को कई कठिन दौर से गुजरना पड़ा। इसमें स्विमसूट राउंड, नेशनल कॉस्ट्यूम, पर्सनल इंटरव्यू और इवनिंग गाउन राउंड शामिल रहे।
विवादों के बीच भी चर्चा में रहा आयोजन
इस बार मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता केवल ग्लैमर और खूबसूरती तक सीमित नहीं रही। आयोजन से पहले फ्रेंचाइजी विवाद, प्रतिभागियों की वापसी और वीजा संबंधी परेशानियों को लेकर भी चर्चा हुई।
नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड में इजरायल की प्रतिभागी डेनिएल याब्लोंका की ड्रेस भी चर्चा का विषय बनी। उनकी पोशाक पर यरुशलम के पुराने शहर की झलक के साथ अंग्रेजी, अरबी और हिब्रू में शांति का संदेश लिखा था। इसे लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं और सोशल मीडिया पर बहस देखने को मिली।
जेनिफर की जीत ने बनाया नया रिकॉर्ड
जेनिफर बैरेटो की जीत प्यूर्टो रिको के लिए भी खास है। उनकी जीत के साथ देश ने छठी बार मिस यूनिवर्स का खिताब हासिल किया है। खास बात यह भी है कि जेनिफर मिस यूनिवर्स का ताज जीतने वाली पहली मां बनी हैं।
