Homeउत्तर प्रदेश68,500 शिक्षक भर्ती: 8 साल बाद भी आरक्षण विवाद बरकरार, 86 दिनों...

68,500 शिक्षक भर्ती: 8 साल बाद भी आरक्षण विवाद बरकरार, 86 दिनों से धरने पर अभ्यर्थी; राजभर ने दिया न्याय का भरोसा

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति का मामला आठ साल बाद भी नहीं सुलझ पाया है।

नियुक्ति और न्याय की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। बुधवार को लखनऊ के ईको गार्डन में 86 दिनों से धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर से मुलाकात की। अभ्यर्थियों ने उनसे मामले में हस्तक्षेप कर जल्द नियुक्ति दिलाने की मांग की।

मुलाकात के दौरान अभ्यर्थियों ने मंत्री को बताया कि 86 दिनों से आंदोलन करने के बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं हुआ है

। इस पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि वह पहले भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने यह मुद्दा उठा चुके हैं। अब एक बार फिर मुख्यमंत्री के समक्ष अभ्यर्थियों की मांग रखेंगे। साथ ही मामले को कैबिनेट में उठाने का भी प्रयास करेंगे।

राजभर ने अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि उन्हें न्याय मिले। उनकी मांगें जायज हैं और सरकार भी उनके साथ न्याय करेगी।

150 में 60 अंक पाने वाले अभ्यर्थियों का परिणाम संशोधित करने की मांग

धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने मांग की कि भर्ती परीक्षा में 150 में से 60 अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों का परिणाम संशोधित किया जाए। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, विधान परिषद समिति और जनप्रतिनिधियों की ओर से भेजे गए पत्रों की संस्तुतियों के आधार पर परिणाम अपडेट कर अभ्यर्थियों को तत्काल नियुक्ति दी जाए।

23 हजार पद खाली होने का दावा

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे आशुतोष वर्मा ने दावा किया कि भर्ती में करीब 23 हजार पद खाली हैं, जिनमें लगभग 9 हजार पद ओबीसी वर्ग के हैं। उन्होंने कहा कि मामला किसी न्यायालय में लंबित नहीं है, ऐसे में सरकार को सकारात्मक निर्णय लेकर अभ्यर्थियों को राहत देनी चाहिए।

वहीं, आंदोलन के एक अन्य नेतृत्वकर्ता तूफान सिंह ने स्पष्ट किया कि जब तक अभ्यर्थियों को न्याय नहीं मिलता और नियुक्ति का शेड्यूल जारी नहीं होता, तब तक धरना जारी रहेगा। मंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में आशुतोष वर्मा, नवीन चौधरी, तूफान सिंह, मोहित अहलावत और रणबहादुर सिंह सहित अन्य अभ्यर्थी शामिल रहे।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular