फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने अपनी राय रखी है। उन्होंने फिल्म की तारीफ करते हुए दूसरे फिल्ममेकर्स को इसकी नकल करने से बचने की सलाह दी है। जावेद अख्तर ने कहा कि आने वाले समय में हर कोई ‘धुरंधर’ जैसी फिल्म बनाने की कोशिश करेगा, लेकिन ऐसा कर पाना आसान नहीं होगा।
कोमल नाहटा के साथ बातचीत में जावेद अख्तर ने बताया कि उन्हें ‘धुरंधर’ काफी पसंद आई। फिल्म देखने के बाद उन्होंने इसके निर्देशक आदित्य धर का नंबर तलाशा और फोन करके उन्हें बधाई भी दी।
‘भेड़चाल में सभी भेड़ें एक जैसी होती हैं’
इंटरव्यू के दौरान जब जावेद अख्तर से फिल्म इंडस्ट्री में भेड़चाल के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि भेड़चाल में सभी भेड़ें एक जैसी होती हैं, लेकिन फिल्म ‘धुरंधर’ के निर्देशक आदित्य धर उनसे थोड़ा बेहतर हैं।
उन्होंने कहा कि दूसरे फिल्ममेकर्स ऐसी कोशिशों से कुछ हासिल नहीं कर पाएंगे। आदित्य धर ने फिल्म में जो किया है, वह सिर्फ वही कर सकते थे। यह काम अचानक नहीं हुआ होगा, बल्कि इसके लिए काफी गहरी रिसर्च की गई होगी।
जावेद अख्तर के मुताबिक, फिल्म में दिखाई गई दुनिया बिल्कुल असली लगती है। सड़कों, गलियों और आसपास के लोगों को जिस तरह पर्दे पर दिखाया गया है, उसमें कुछ भी बनावटी महसूस नहीं होता। उन्होंने कहा कि इसलिए दूसरे फिल्ममेकर आदित्य धर की नकल नहीं कर पाएंगे। हालांकि, लोग ऐसी कोशिश जरूर करेंगे।
पहले भी फिल्म को लेकर रख चुके हैं अपनी राय
यह पहली बार नहीं है जब जावेद अख्तर ने ‘धुरंधर’ पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। मई 2026 में कोलकाता के एक कार्यक्रम में उनसे फिल्म को प्रोपेगेंडा बताए जाने को लेकर सवाल किया गया था।
इस पर उन्होंने कहा था कि उन्हें ‘धुरंधर’ पसंद आई और पहले पार्ट को उन्होंने दूसरे पार्ट से ज्यादा पसंद किया। जावेद अख्तर ने कहा था कि हर कहानी का अपना नजरिया होता है। केवल इसलिए किसी फिल्म को प्रोपेगेंडा नहीं कहा जा सकता कि उसकी कहानी किसी वर्ग को पसंद नहीं आई। उनके मुताबिक, हर फिल्ममेकर को अपने विचार पेश करने का अधिकार है।
रणवीर सिंह समेत कई सितारे आए थे नजर
आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर’ के पहले पार्ट में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में नजर आए थे। फिल्म में अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, सारा अर्जुन और राकेश बेदी ने भी अहम भूमिकाएं निभाई थीं।
फिल्म 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। सैकनिल्क के मुताबिक, इसने दुनियाभर में 1,307.35 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था।
वहीं, इसके दूसरे पार्ट ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी। फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1,813.39 करोड़ रुपये रहा था।
