रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। चौबेपुर थाना क्षेत्र के गिरधरपुर गांव में तीन लोगों ने युवक को घर से बुलाकर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि हमले के दौरान आरोपियों ने दांत से उसकी नाक काट ली। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी मां की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर से बुलाकर ले गए, फिर जमीन पर गिराकर पीटा
गिरधरपुर निवासी सुशीला देवी के मुताबिक, गांव के कमलेश, अवधेश और शिवपूजन उनके घर पहुंचे थे। तीनों किसी काम का हवाला देकर उनके बेटे जयशिव को अपने साथ ले गए। वहां पहुंचने के बाद आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि विरोध करने पर तीनों ने जयशिव को जमीन पर गिरा दिया और लात-मुक्कों से पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान आरोपियों ने दांत से उसकी नाक काट ली। गंभीर चोट लगने से काफी खून बह गया और जयशिव बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।
पहले सीएचसी, फिर निजी अस्पताल में कराया भर्ती
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल जयशिव को नरपतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी।इसके बाद परिजनों ने उसे लेदूपुर स्थित शिवनाथ सर्जिकल अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
तीन आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज
जयशिव की मां सुशीला देवी ने चौबेपुर थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा के मुताबिक, तहरीर के आधार पर कमलेश, अवधेश और शिवपूजन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
