रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने निवर्तमान ग्राम प्रधानों को एक बार फिर छह महीने के लिए प्रशासक बनाए रखने का फैसला किया है। इस संबंध में पंचायती राज विभाग की ओर से शासनादेश जारी कर दिया गया है। इसके बाद अब प्रदेश के ग्राम प्रधान अगले छह महीने तक अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारी संभालेंगे।
पंचायती राज विभाग के प्रमुख सचिव राज रविंद्र ने गुरुवार को इस संबंध में शासनादेश जारी किया। इसके मुताबिक, शुक्रवार से ग्राम प्रधानों के प्रशासक के रूप में नए छह महीने की अवधि शुरू हो जाएगी। इससे पहले भी निवर्तमान प्रधानों को छह महीने के लिए प्रशासक बनाया गया था, जिसकी अवधि गुरुवार को समाप्त हो गई।
पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट आने तक संभालेंगे जिम्मेदारी
शासनादेश के अनुसार, निवर्तमान ग्राम प्रधान अगले छह महीने तक या फिर समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट आने तक प्रशासक बने रहेंगे। दोनों में से जो स्थिति पहले आएगी, उसी के आधार पर यह व्यवस्था समाप्त हो जाएगी।
इस फैसले से प्रदेश की 57,694 ग्राम पंचायतों में विकास कार्य और प्रशासनिक गतिविधियां जारी रह सकेंगी। प्रधानों के प्रशासक बने रहने से पंचायतों के रोजमर्रा के कामकाज में भी निरंतरता बनी रहेगी।
दो बार बढ़ाया जा चुका है कार्यकाल
उत्तर प्रदेश में ग्राम प्रधानों का पांच साल का कार्यकाल 25 मई को समाप्त हो चुका है। हालांकि, अब तक त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव नहीं हो सके हैं। पंचायत चुनाव में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) का आरक्षण निर्धारित करने के लिए समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट जरूरी है। रिपोर्ट नहीं आने के कारण चुनाव की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई।
इसी वजह से सरकार ने पहले निवर्तमान ग्राम प्रधानों को प्रशासक की जिम्मेदारी सौंपी थी। अब आयोग की रिपोर्ट में देरी के चलते उनका कार्यकाल एक बार फिर छह महीने के लिए बढ़ा दिया गया है।
मई-जून में हो सकते हैं पंचायत चुनाव
पंचायत चुनाव की तारीखों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। फरवरी-मार्च में बोर्ड परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। इसके बाद विधानसभा चुनाव की तैयारियां और घोषणा का कार्यक्रम भी सामने आ सकता है। ऐसे में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया प्रभावित होने की संभावना है।
हालांकि, चुनाव मई-जून में होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल सरकार के नए फैसले के बाद निवर्तमान ग्राम प्रधान अगले छह महीने तक प्रशासक के रूप में पंचायतों की जिम्मेदारी संभालेंगे।
