विमानन मंत्रालय ने एयर इंडिया को दिल्ली-सैन फ्रांसिस्को फ्लाइट में 20 घंटे की देरी होने को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है.
अपने नोटिस में विमानन मंत्रालय ने एयरलाइन से पूछा है कि जो पैसेंजर इंतज़ार कर रहे थे उनके लिए ज़रूरी व्यवस्था क्यों नहीं की गई. तपती गर्मी में जब तापमान 50 डिग्री तक जा रहा है ऐसे में एयरलाइन ने लोगों की परेशानी को कम करने के लिए ज़रूरी क़दम क्यों नहीं उठाया.
जिन फ्लाइट को लेकर नोटिस जारी किया गया है वो 24 मई और 30 मई की हैं. जिनकी फ्लाइट संख्या AI-179 AI-183 है.
नोटिस में कहा गया है, “एयर इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाता है कि क्यों न एयरलाइन पर उल्लंघन के लिए कार्रवाई की जाए. एयर इंडिया का जवाब इस नोटिस के जारी होने की तारीख से 3 दिनों के भीतर कार्यालय में पहुंच जाना चाहिए, ऐसा न करने पर मामले पर एकतरफा कार्रवाई की जाएगी.”
