कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने नरेंद्र मोदी को तीसरी बार सत्ता में आने पर बधाई दी है. कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, उन्होंने मोदी को बधाई देते हुए कहा- “ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनकी चुनावी जीत पर बधाई. कनाडा दोनों देशों के लोगों के बीच मानवाधिकारों, विविधता और कानून के शासन पर आधारित संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए मोदी सरकार के साथ काम करने के लिए तैयार है.”
बयान में कहा गया- “ भारत में लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पैमाना और दायरा एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. कुछ हफ़्तों की अवधि में करोड़ों लोगों ने अपना वोट डाला, जो किसी भी देश की तुलना में सबसे अधिक है. कनाडा में 13 लाख लोगों का हिंदू समुदाय रहता है.”
नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए को इस चुनाव में जीत मिली है लेकिन ये जीत वैसी नहीं है, जिसका दावा बीजेपी कर रही थी. बीजेपी अपने दम पर बहुमत हासिल नहीं कर सकी है लेकिन उनके गठबंधन के पास 293 सीटें हैं. इस चुनाव में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन ने 234 सीटें जीती हैं.
बीते साल से हरदीप सिंह निज्जर की कनाडा में हत्या को लेकर दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण रिश्ते रहे. कनाडा ने भारत सरकार के एजेंटों पर निज्जर की हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया, इस आरोप को भारत ‘बेतुका’ बताता है.
