जम्मू-कश्मीर के रियासी में बस पर हुए चरमपंथी हमले की घटना के बाद बस के खाई में गिरने से नौ लोगों की मौत हुई है और 33 लोग घायल हैं.
घायलों का इलाज ज़िला मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है. रियासी कीएसएसपी मोहिता शर्मा के अनुसार, रविवार को श्रद्धालुओं की एक बस शिवखोरी से कटरा जा रही थी. जिस पर चरमपंथियों ने गोली चलाई और इसके बाद बस ड्राइवर ने बस का कंट्रोल खो दिया और बस खाई में गिर गई.
इस हमले में घायल हुए एक शख़्स अतुल मिश्रा ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए बताया कि कैसे उनकी जान बची.
उन्होंने कहा- “हम लोग बस में बैठे थे शिवखोरी से जा रहे थे कटरा के लिये. अचानक एक आतंकवादी गोली चलाने लगा, उसके बाद हम लोग बस में ही लेट गए. फिर बस खाई में गिर गई. जब गोली बंद हुई तो कुछ आदमी हमें खाई से ऊपर लेकर आए और फिर हमें एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया.”रियासी जम्मू क्षेत्र में पड़ता है. इस हमले पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने शोक व्यक्त किया है.
अमित शाह ने कहा है कि ‘अपराधियों को बख़्शा’ नहीं जाएगा.वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस हमले को ‘कायरतापूर्ण आतंकी हमला’ बताते हुए कहा है कि “यह शर्मनाक घटना जम्मू-कश्मीर के चिंताजनक सुरक्षा हालात की असली तस्वीर है.”शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि बस में उत्तर प्रदेश के रहने वाले लोग सवार थे.
