राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया है कि जम्मू-कश्मीर के रियासी में हुए चरमपंथी हमले के बाद बस के खाई में गिरने से मारे गए नौ लोगों में से चार लोग राजस्थान के रहने वाले थे.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “जम्मू-कश्मीर में तीर्थयात्रियों की बस पर हुए कायरतापूर्ण हमले में जयपुर के चार लोगों की मृत्यु का समाचार दुःखद है.”
“राजस्थान सरकार के उच्च अधिकारियों को शीघ्र ही जम्मू कश्मीर के अधिकारियों व स्थानीय प्रशासन से समन्वय स्थापित कर पार्थिव शरीर दिवंगतों के परिजनों तक पहुंचाने हेतु निर्देश दिए गए हैं. “
“प्रभु श्रीराम दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें. इस कठिन समय में हमले में प्रभावितों के साथ हमारी सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है.”
इसके साथ अलावा पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा है, “इस हमले में राजस्थान के चार श्रद्धालुओं के दिवंगत होने की सूचना मिली है. मैं ईश्वर से सभी दिवंगतजनों की आत्मा की शांति एवं परिजनों को हिम्मत देने की कामना करता हूं.”
रविवार को जम्मू-कश्मीर के रियासी में बस पर हुए चरमपंथी हमले की घटना के बाद बस के खाई में गिरने से नौ लोगों की मौत हुई और 33 लोग घायल हैं.
पुलिस के मुताबिक़ ये बस शिवखोरी से कटरा जा रही थी इसी दौरान इस पर हमला किया गया जिसके बाद बस खाई में गिर गई.
