भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) की नेता एनी राजा ने केरल की वायनाड सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर कहा है कि वो उम्मीदवार होंगी या नहीं, इस पर फ़ैसले के लिए ‘काफी समय’है.
एनी राजा ने वायनाड लोकसभा सीट से राहुल गांधी के ख़िलाफ़ चुनाव लड़ा और दूसरे नंबर रहीं.
केरल की सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) जिसकी हिस्सा सीपीआई भी है, उसने वायनाड सीट से एनी राजा को लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया था. एनी राजा सीपीआई के महासचिव डी राजा की पत्नी हैं.
सोमवार को कांग्रेस ने घोषणा की कि राहुल गांधी रायबरेली सीट से सांसद रहेंगे और प्रियंका गांधी अपने चुनावी सफ़र का आगाज़ वायनाड से करेंगी.
इसके बाद एनी राजा ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “राहुल गांधी और कांग्रेस ने फ़ैसला किया है कि वो रायबरेली सीट रखेंगे और वायनाड को छोड़ देंगे. मैं फिर से चुनाव लड़ूंगी या नहीं, यह मेरी पार्टी का फ़ैसला होगा. अभी तक चुनावों की घोषणा नहीं हुई है इसलिए हमारे पास एलडीएफ में उम्मीदवार पर चर्चा करने के लिए बहुत समय है.”
उन्होंने प्रियंका गांधी वाड्रा के चुनाव लड़ने के एलान पर कहा कि “ मुझे खुशी है कि यूडीएफ़ (कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूनाइडेट डेमोक्रेटिक अलायंस) ने महिला उम्मीदवार उतारा है, संसद में अधिक से अधिक महिलाएं होनी चाहिए.”
