लोकसभा में ओम बिरला स्पीकर चुन लिए गए हैं. इस मौक़े पर पीएम नरेंद्र मोदी, विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने ओम बिरला को बधाई दी.
पीएम मोदी ने ओम बिरला के दोबारा स्पीकर चुने जाने को अहम बताया.
वहीं राहुल गांधी ने कहा, ”सवाल यह नहीं है कि संसद कितनी शांति से चल रही है. सवाल यह है कि भारत के लोगों की आवाज़ उठाने के लिए कितनी अनुमति मिलती है.”
इसके बाद अखिलेश यादव बोलने आए.
अखिलेश यादव ने कहा, ”मैं स्पीकर सर आपको बधाई देता हूं. आप सदन के स्पीकर दोबारा चुने गए हैं. आपके पास पांच साल का अनुभव भी है.”
अखिलेश यादव ने कहा- ”आप जिस पद पर आप बैठे हैं, इससे बहुत गौरवशाली परंपराएं जुड़ी हुई हैं. हम सब यही मानते हैं कि बिना भेदभाव के (सदन) आगे बढ़ेगा. आप हर सांसद और दल को बराबरी का मौक़ा और सम्मान देंगे. निष्पक्षता इस महान पद की महान ज़िम्मेदारी है.”
अखिलेश यादव ने और क्या कुछ कहा?
”आप लोकतांत्रिक न्याय के मुख्य न्यायाधीश की तरह बैठे हैं. दोबारा निष्कासन जैसी कार्रवाई से सदन की गरिमा को ठेस ना पहुंचाएं. आपका अंकुश विपक्ष पर तो रहता ही है. आपका अंकुश सत्ता पक्ष पर भी रहे.
आपके इशारे पर सदन चले, इसका उल्टा ना हो. हम आपके न्यायसंगत फ़ैसले के साथ खड़े हैं. मैं नए सदन में पहली बार आया हूं.
मैं उम्मीद करता हूं कि आप जितना सत्ता पक्ष को मौक़ा देंगे, उतना ही विपक्ष को भी देंगे.”
