लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा में केंद्रीय बजट 2024 पर बहस के दौरान भाषण दिया है.उन्होंने कहा कि देश को चक्रव्यूह में फंसाया जा रहा है और देश की पूरी अर्थव्यवस्था पर दो ही लोगों का कब्ज़ा है.
राहुल गांधी ने कहा, “बजट किसानों, युवा और ग्रामीण लोगों की मदद कर सकता था. लेकिन ऐसा नहीं किया गया. पहला काम इस चक्रव्यूह ने किया है, छोठे बिज़नेस हैं जो लोगों को रोज़गार देते हैं उन पर आक्रमण किया. नोटबंदी और जीएसटी ने उनकी कमर तोड़ दी. टैक्स के डर को रोकने के लिए आपने कुछ नहीं किया है. इसी वजह से भारत के युवाओं को रोज़गार नहीं मिल रहा है.”
“युवाओं के लिए आपने क्या किया है. बजट में आपने इंटरनशिप प्रोग्राम की बात की है. भारत के 99 फीसदी युवा हैं उनको इस प्रोग्राम से कोई फायदा नहीं मिलने वाला है.”
राहुल गांधी ने कहा,”युवाओं के लिए मुख्य मुद्दा पेपर लीक का है. एक साइड बेरोज़गारी है और दूसरी तरफ़ पेपर लीक है. 10 साल में 70 बार पेपर लीक हुआ है. वित्त मंत्री ने पेपर लीक पर कुछ नहीं बोला है. शिक्षा बजट में 20 साल में सबसे कम पैसा दिया है.”
“इस बजट में अग्निवीर की पेंशन के लिए एक रुपये भी नहीं रखा है. एक तरफ़ आप देश की बात करते हो अग्निवीर से बात ही नहीं करते हैं. शंभू बॉर्डर को आपने बंद कर दिया है. किसान वहां आंदोलन कर रहे हैं. आप उनसे बात नहीं करते हैं.”
