जयपुर में गुरुवार सुबह एक मकान के बेसमेंट में बारिश का पानी भरने से एक बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई है.
देश की राजधानी नई दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में भी चंद दिनों पहले ठीक इसी तरह की घटना सामने आई थी, जिसमें एक ोकचिंग संस्थान के बेसमेंट में पानी भरने से तीन छात्रों की मौत हो गई थी.
जयपुर के सब डिविजनल ऑफिसर (एसडीओ) राजेश जाखड़ ने बीबीसी हिंदी से मौत की पुष्टि करते हुए कहा, “ध्वज नगर में एक मकान के बेसमेंट में पानी भरने से तीन की मौत हुई है. मृतक 23 साल के कमल शाह,19 साल की पूजा सैनी और छहसाल की पूर्वी सैनी बिहार के आरा ज़िले के रहने वाले थे. शवों का पोस्टमॉर्टम जयपुर के कंवटिया अस्पताल में करवाया जा रहा है.”
वीकेआई थाना इलाके के ध्वज नगर में हुई इस घटना पर थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने कहा, “सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच हुई तेज़ बारिश से मकान के बेसमेंट में पानी भर गया था. डूबने से तीनों की मौत हो गई है. पानी भरने की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. रेस्क्यू टीम ने कई घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया.”
जयपुर के कई इलाकों के साथ ही जयपुर एयरपोर्ट पर भी जलभराव की तस्वीरें सामने आई हैं. प्रदेश के कई अन्य इलाकों में भी भारी बारिश होने से जलभराव की स्थिति बनी हुई है.
मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक जयपुर में डेढ़ सौ एमएम से ज़्यादा बारिश दर्ज की गई है. केंद्र के अनुसार एक दर्जन से ज़्यादा जगह बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
भारी बारिश को देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया के ज़रिये लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. उन्होंने लिखा है, “जयपुर एवं प्रदेश के कुछ जिलों में तेज बारिश से जलभराव एवं सड़क धंसने जैसी सूचनाएं मिल रही हैं. मैं आमजन से अपील करता हूं कि सावधानी बरतें एवं उफान पर आते हुए नालों, नदी एवं सीवरेज से बचकर चलें. थोड़ी सी लापरवाही भी खतरनाक साबित हो सकती है.”
पूर्व सीएम ने यह भी लिखा कि विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र, जयपुर में एक बेसमेंट में पानी भरने से तीन लोगों की मृत्यु बेहद दुखद है. मैं ईश्वर से दिवंगतजनों की आत्मा को शांति एवं परिजनों को हिम्मत देने की प्रार्थना करता हूं. राज्य सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भविष्य में ऐसे हादसे ना हो सकें एवं बेगुनाह लोगों को जान ना गंवानी पड़े.
राज्य सरकार ने इस हादसे में मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रूपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. इसमें चार-चार लाख रुपये आपदा राहत से और एक-एक लाख रुपये मुख्यमंत्री सहायता कोष से मंजूर किए गए हैं.
