Homeखेल कूदविनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक में अयोग्य ठहराने पर प्रियंका गांधी ने...

विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक में अयोग्य ठहराने पर प्रियंका गांधी ने लिखा भावुक संदेश

पेरिस ओलंपिक में ज़्यादा वज़न की वजह से रेसलिंग के फ़ाइनल मुक़ाबले से बाहर होने पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने विनेश फोगाट के लिए एक्स पर एक भावुक संदेश साझा किया.

प्रियंका ने लिखा, “प्यारी बहन विनेश फोगाट, मैंने आपके साहस, आपकी मेहनत और लगन को देखा है. आप ओलंपिक के दंगल में देश की करोड़ों लड़कियों के सपनों के लिए लड़ रही थीं.”

प्रियंका ने कहा कि “आपके शानदार खेल से उन करोड़ों लड़कियों के सपनों को उड़ान मिली है, जो छोटे-छोटे शहरों से आती हैं, तमाम चुनौतियों से जूझते हुए, सिस्टम से लड़ते हुए, विपरीत हालात को हराकर बड़े मंचों पर पहुंचने की आकांक्षा रखती हैं. आपके शानदार खेल ने पूरे देश को गर्व से भर दिया.”

प्रियंका ने अपनी पोस्ट में लिखा, “तमाम चुनौतियों से लड़ते हुए अपनी अथक मेहनत से आप जिस मुकाम तक पहुंचीं वो आसान नहीं था. आपकी इस अविश्वसनीय यात्रा से करोड़ों सपनों को बल मिला है. इस मुश्किल समय में करोड़ों देशवासी उसी उत्साह के साथ आपके साथ खड़े हैं, जैसा पूरे कंप्टीशन के दौरान थे.”

उन्होंने विनेश की मज़बूत वापसी की उम्मीद जताते हुए लिखा,“मेरी बहन, खुद को अकेले मत समझना और याद रखना कि आप हमारी चैम्पियन थीं और आप हमेशा हमारी चैम्पियन रहेंगी. मुझे पूरा भरोसा है कि आप और ज़्यादा मज़बूत तरीके से वापसी करेंगी. ढेर सारा प्यार.”

बताया जा रहा है कि जिस कैटेगरी में विनेश को खेलना था, उसमें विनेश का वज़न कुछ ग्राम ज़्यादा रहा.

विनेश ने छह अगस्त की रात को महिला कुश्ती के 50 किलोग्राम के भार वर्ग में क्यूबा की पहलवान को शिकस्त दी थी और फ़ाइनल में जगह बनाई थी.

RELATED ARTICLES

Most Popular