पेरिस ओलंपिक के फ़ाइनल मुक़ाबले से पहले भारतीय पहलवान विनेश फोगाट अयोग्य क़रार दी गई हैं. विनेश को ज़्यादा वजन के कारण बाहर किया गया है.
विनेश के फ़ाइनल से बाहर होने पर गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, “ओलंपिक में विनेश फोगाट के बाहर होने से निश्चित रूप से लाखों भारतीयों की उम्मीद टूटी है.”
अमित शाह का कहना है, “उनका खेल करियर शानदार रहा है, जिसमें उन्होंने विश्व चैंपियन को हराने का गौरव हासिल किया है. यह दुर्भाग्य उनके शानदार करियर में एक अपवाद मात्र है, मुझे यकीन है कि वह फिर से जीत हासिल करेंगी और हमेशा की तरह विजेता बनेंगी.”

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “विनेश, आप चैंपियनों में चैंपियन हैं! आप भारत का गौरव हैं और हर भारतीय के लिए प्रेरणा हैं. आज के सेटबैक ने दुखी किया है. काश! मैं जिस पीड़ा को अनुभव कर रहा हूँ उसे शब्दों में कह पाता.”
बताया जा रहा है कि जिस कैटेगरी में विनेश को खेलना था, उसमें विनेश का वजन कुछ ग्राम ज्यादा रहा.
विनेश ने छह अगस्त की रात को महिला कुश्ती के 50 किलोग्राम के भार वर्ग में क्यूबा की पहलवान को शिकस्त दी थी और फ़ाइनल में जगह बनाई थी.
विनेश के अयोग्य होने के बाद इस इवेंट में भारत के गोल्ड या सिल्वर जीतने का सपना अधूरा रह गया है.
