हमास की सिविल डिफेंस एजेंसी का कहना है कि ग़ज़ा स्थित एक स्कूल में बनाए गए शेल्टर में इसराइली हमले में कई लोगों की मौत हुई है.
इसराइल की सेना ने कहा है कि उसने स्कूल में संचालित किए जा रहे हमास के कमांड और कंट्रोल सेंटर को निशाना बनाकर हमला किया है.
ग़ज़ा की सिविल डिफेंस एजेंसी का कहना है कि दराज ज़िले में हुए हमले में कम से कम 90 लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हैं.
बीबीसी स्वतंत्र रूप से इन आकड़ों की पुष्टि नहीं करता है.
सिविल डिफेंस एजेंसी के प्रवक्ता महमूद बासल ने एएफपी समाचार एजेंसी को बताया है कि मरने वालों की संख्या 90-100 के बीच हो सकती है और कई लोग घायल हैं.
तीन इसराइली रॉकेज ने उस स्कूल पर हमला किया जहां फ़लस्तीन के विस्थापित लोगों को रखा गया था.
इससे पहले टेलीग्राम पर किए गए एक पोस्ट में सिविल डिफेंस के प्रवक्ता ने इसे ‘कत्लेआम’ बताया था.
इसराइली सेना का कहना है कि उसने अल-ताबाईन स्कूल में स्थित हमास कमांड और कंट्रोल सेंटर के भीतर सक्रिय हमास के आतंकवादियों पर हमला किया है.
