समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav की बेटी अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट और अभद्र टिप्पणी किए जाने के मामले में कानपुर साइबर क्राइम पुलिस ने मध्य प्रदेश के रीवा से आरोपी नागेश्वर सिंह बघेल को गिरफ्तार किया है। रविवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई।
मामला तब सामने आया जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव Praveen Yadav ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने डिजिटल ट्रैकिंग, सोशल मीडिया गतिविधियों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है। जांच में सामने आया है कि एक आरोपी भरत पटेल का सोशल मीडिया अकाउंट अमेरिका से संचालित हो रहा था, जिसकी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, तीसरे आरोपी विनोद कुमार का संबंध जौनपुर से बताया गया है और वह ऑटो चालक है।
साइबर पुलिस ने नागेश्वर बघेल, भरत पटेल और विनोद कुमार के खिलाफ आईटी एक्ट तथा मानहानि की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने अदिति यादव की एडिटेड तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा कर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए Akhilesh Yadav ने कहा कि जिनके परिवार नहीं होते, वे परिवार के दर्द को नहीं समझ सकते। वहीं Yogi Adityanath ने कहा कि किसी भी बेटी के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है और पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
