रिपोर्ट: ममता भारद्वाज | आगरा
आगरा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार को आगरा में कांग्रेस और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सुभाष पार्क से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकालते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
हाथों में तख्तियां और बैनर लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मार्च में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े गंभीर मुद्दों पर केंद्र सरकार जवाब देने से बच रही है। उनका कहना था कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने आगरा जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर उचित कार्रवाई करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस दौरान कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमित सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए और जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
