आगरा के बरौली अहीर ब्लॉक के नगला पेमा गांव स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब मिड-डे मील बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। आग लगते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बच्चे व शिक्षक घबराकर इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई। PRV 9073 टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
टीम में तैनात हेड कॉन्स्टेबल स्वदेश, चालक प्रेमपाल और होमगार्ड रोतान सिंह ने अपनी जान जोखिम में डालकर करीब 25 से 30 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी तत्परता के चलते बड़ा हादसा टल गया।
इसके साथ ही टीम ने समय रहते सिलेंडर में लगी आग पर भी काबू पा लिया। अगर आग पर समय पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 टीम की बहादुरी और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
