रिपोर्ट – अमित शर्मा
आगरा। संभागीय खाद्य नियंत्रक विजय कुमार ने आगरा के एत्मादपुर स्थित क्रय केंद्र और फिरोजाबाद के टूंडला मंडी स्थित क्रय केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाजरा खरीद की स्थिति का जायजा लिया और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

संभागीय खाद्य नियंत्रक ने बताया कि एत्मादपुर क्रय केंद्र पर अब तक 29 किसानों से 730 क्विंटल बाजरा खरीदा जा चुका है। वहीं, टूंडला मंडी क्रय केंद्र पर अब तक 8 किसानों से 191 क्विंटल बाजरा की खरीद की गई है।
निरीक्षण के दौरान दोनों क्रय केंद्रों पर मौजूद किसानों से विजय कुमार ने सीधे बातचीत की। उन्होंने किसानों से खरीद प्रक्रिया में आ रही समस्याओं और केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को किसानों की समस्याओं का तत्काल निस्तारण करने के साथ ही आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि बाजरा खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता और तेजी बनाए रखी जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो। अधिकारियों को खरीद केंद्रों पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान संभागीय खाद्य विपणन अधिकारी आगरा संभाग सत्यपाल सिंह तोमर, विपणन निरीक्षक दुर्गेश कुमार, विपणन निरीक्षक मुकुल कुमार और वरिष्ठ सहायक अमित कुमार शर्मा मौजूद रहे।
