समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav ने Lucknow में वकीलों के चैंबर पर हुई बुलडोजर कार्रवाई और पुलिस लाठीचार्ज को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें एक वकील के हाथ में ‘रामचरितमानस’ दिखाई दे रही है और सामने पुलिसकर्मी लाठियां लिए खड़े नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के जरिए उन्होंने भाजपा सरकार को “अधर्मी” बताते हुए कहा कि रामचरितमानस का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
सपा प्रमुख ने अपने पोस्ट में लिखा कि ‘श्रीरामचरितमानस’ भारतीय संस्कृति, सौहार्द और मर्यादा का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि लखनऊ में जिस तरह से रामचरितमानस का अपमान हुआ, वह बेहद निंदनीय है। अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का असली धर्म सिर्फ पैसा है और जनता अब “अधर्मी भाजपा” को सत्ता से हटाने का मन बना चुकी है।
दरअसल, लखनऊ में वकीलों के चैंबर हटाने की कार्रवाई के विरोध में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया था। इसी दौरान पुलिस और वकीलों के बीच तनाव बढ़ गया। घटना से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला राजनीतिक रंग लेता दिख रहा है।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर धार्मिक राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जो लोग खुद को भगवान राम का सबसे बड़ा भक्त बताते हैं, वही रामचरितमानस का सम्मान नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब जरूर देगी।
