रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली से उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के बदलाव की नींव पड़ चुकी है। रैली में प्रदेशभर से पहुंचे कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एकजुटता ने पार्टी को नई ऊर्जा दी है।
आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने रैली में शामिल होने वाले उत्तर प्रदेश के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले, कस्बे और गांव से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अपने निजी संसाधनों से दिल्ली पहुंचे। रामलीला मैदान में उमड़ी भीड़ लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के प्रति जनता की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के संबोधन ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया है। अब पार्टी के कार्यकर्ता रैली में उठाए गए मुद्दों और उसके संदेश को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाएंगे। इसके साथ ही भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष को और तेज किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। कार्यकर्ताओं की मेहनत, एकजुटता और संघर्ष के दम पर पार्टी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।
