Homeउत्तर प्रदेशतीन महीने से गंदे पानी में डूबी गली, शिकायतों के बाद भी...

तीन महीने से गंदे पानी में डूबी गली, शिकायतों के बाद भी नहीं हुई सुनवाई

रिपोर्ट: अमित शुक्ला

औरैया के ऐरवाकटरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ऐरवा कुईली में डॉ. लोहिया स्कूल के पास स्थित गली के लोग पिछले तीन-चार महीनों से जलभराव की समस्या से परेशान हैं।

गली में जमा गंदा पानी लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। हालात ऐसे हैं कि लोगों का गली से निकलना भी मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से गंदा पानी जमा होने के कारण गली में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक, जलभराव की समस्या को लेकर ग्राम प्रधान से लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष तक कई बार शिकायत की जा चुकी है। मुख्यमंत्री जनसुनवाई हेल्पलाइन 1076 पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने बताया कि विकास कुमार डेंगू की बीमारी से जूझ रहे हैं। ऐसे में गंदगी और जलभराव के कारण लोगों की चिंता और बढ़ गई है। राजू राठौर, विकास, कल्लू ठाकुर, मुकेश, विवेक और सरोज कुमारी समेत अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने गली का स्थलीय निरीक्षण कराकर जलभराव की तत्काल निकासी, नाली निर्माण और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular