Homeउत्तर प्रदेशअयोध्या में स्कूलों, मंदिरों और जिला अदालत को बम से उड़ाने की...

अयोध्या में स्कूलों, मंदिरों और जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी, 27 नवंबर तक हमले की चेतावनी; दिलजीत दोसांझ के शो भी निशाने पर

रिपोर्ट- प्रिया बाजपेयी शुक्ला

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में धमकी भरे ईमेल मिलने से पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया है। ईमेल में अयोध्या के कई स्कूलों, मंदिरों और जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।

धमकी देने वालों ने 8 नवंबर से 27 नवंबर के बीच अलग-अलग जगहों पर धमाके करने की चेतावनी दी है। इसके अलावा पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रमों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई हैं। अयोध्या के साथ काशी और मथुरा में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।

अयोध्या और अंबेडकरनगर के स्कूलों को भेजा गया ईमेल

जानकारी के मुताबिक, अयोध्या के परमा एकेडमी स्कूल को धमकी भरा ईमेल भेजा गया है। स्कूल प्रबंधन ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। इसके अलावा अंबेडकरनगर के रेडियंट कॉलेज और नवदीप कॉलेज को भी इसी तरह के धमकी भरे संदेश मिलने की बात सामने आई है। ईमेल में 8 नवंबर से 27 नवंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर विस्फोट करने की चेतावनी दी गई है। इसके बाद पुलिस ने स्कूल परिसरों और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

दिलजीत दोसांझ के हर शो में धमाके की धमकी

धमकी भरे ईमेल में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ का नाम भी शामिल है। संदेश में उनके हर शो में बम धमाका करने की बात कही गई है। ईमेल में इंजीनियर गुरुनख सिंह, रौनक शाहवाला और डॉ. गुरुनिरवर सिंह खानरजादा के नाम भी लिखे गए हैं। बताया जा रहा है कि यह ईमेल खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजा गया है। हालांकि, धमकी के पीछे कौन है और ईमेल कहां से भेजा गया है, इसकी जांच की जा रही है।

जिला अदालत की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश

धमकी मिलने के बाद अयोध्या जिला अदालत की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। सीजेएम पीयूष त्रिपाठी ने एसएसपी को पत्र लिखकर कचहरी परिसर में विशेष सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी 13 और 16 फरवरी को अयोध्या की कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है।

पुलिस पुराने मामलों और हाल में मिले ईमेल के बीच संबंधों की भी जांच कर रही है। दूसरी जांच एजेंसियां ईमेल के स्रोत और धमकी भेजने वालों की पहचान करने में जुटी हैं। इससे पहले मुंबई में भी अभिनेता अमिताभ बच्चन के घर और दिलजीत दोसांझ के शो को लेकर धमकी मिलने की खबर सामने आई थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular