न्यूज डेस्क अयोध्या
अयोध्या का दीपोत्सव अब सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बन रहा है। भगवान श्रीराम की नगरी में होने वाले भव्य दीपोत्सव को देखने के लिए सात समंदर पार से भी पर्यटक पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में ऑस्ट्रेलिया से शेन अयोध्या पहुंचे हैं। मलेशिया में भारतीय समुदाय के बीच दिवाली की तैयारियां देखने के बाद उनके मन में रामनगरी को करीब से देखने की इच्छा जागी। अयोध्या के दीपोत्सव की भव्यता के बारे में सुना तो उन्होंने यहां आने का फैसला किया।
अयोध्या पहुंचने के बाद शेन राम की पैड़ी पर दीपोत्सव की तैयारियों को देखकर काफी उत्साहित नजर आए। घाटों और सड़कों पर की जा रही सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी, जगमगाते चौराहे, एलईडी स्क्रीन और दीपों की कतारें उन्हें आकर्षित कर रही हैं। रामनगरी में जगह-जगह धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां भी चल रही हैं। इन सभी व्यवस्थाओं को देखकर शेन अयोध्या की खूबसूरती और भव्यता से प्रभावित नजर आए।
उन्होंने अयोध्या को अद्भुत बताते हुए कहा कि यहां का माहौल बेहद खास है। उन्हें रामनगरी में सकारात्मक ऊर्जा महसूस हो रही है और वह यहां खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। शेन के मुताबिक, अयोध्या का धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण पर्यटकों को एक अलग अनुभव देता है।
श्रीराम मंदिर के निर्माण और दीपोत्सव के भव्य आयोजन ने अयोध्या को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। अब विदेशों में रहने वाले लोग भी रामनगरी की परंपराओं, धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक आयोजनों को करीब से देखने के लिए पहुंच रहे हैं। दीपोत्सव के दौरान अयोध्या की सजावट और लाखों दीपों से जगमगाते घाट पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण बने हुए हैं।
