आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत अस्पतालों को मिलने वाला भुगतान दोबारा शुरू हो गया है। नेशनल हेल्थ अथॉरिटी (एनएचए) और बैंकों के बीच तकनीकी समस्या के चलते 14 मई से करीब 633 करोड़ रुपये का भुगतान अटका हुआ था।
बैंकिंग सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के कारण सरकारी और निजी सूचीबद्ध अस्पतालों की क्लेम राशि होल्ड पर चली गई थी। इससे अस्पतालों को भुगतान मिलने में लगातार देरी हो रही थी।
इस मामले में साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि 22 मई को तकनीकी समस्या का समाधान कर लिया गया। इसके बाद 23 मई को अस्पतालों के लिए 100 करोड़ रुपये का भुगतान जारी कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि बाकी करीब 500 करोड़ रुपये की राशि भी अगले एक-दो दिनों में जारी कर दी जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 50 लाख से अधिक मरीज योजना के तहत 91 लाख से ज्यादा बार इलाज करा चुके हैं, जबकि अस्पतालों को 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है।
