रिपोर्ट – अचल प्रताप सिंह
बरेली। Bareilly के कैंट थाना क्षेत्र के नकटिया इलाके में शनिवार सुबह एक युवक का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी मायके चली गई थी। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।
मृतक की पहचान इमरान उर्फ विनय (पुत्र शंकरलाल प्रजापति) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बारादरी क्षेत्र के जोगी नवादा का निवासी था। वह नकटिया में मारिया मीट फैक्ट्री के पास किराए पर रह रहा था और रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि उसने करीब तीन साल पहले धर्म परिवर्तन कर मुस्कान नाम की युवती से शादी की थी। दंपति के दो बच्चे भी हैं।
विवाद के बाद हुआ घटनाक्रम
पत्नी मुस्कान के अनुसार, शुक्रवार रात इमरान घर नहीं लौटा था। शनिवार सुबह लौटने पर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो मारपीट तक पहुंच गई। इसके बाद मुस्कान अपने मायके चली गई। देर रात करीब 12:30 बजे वह परिजनों के साथ वापस लौटी, तो घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला।
परिजनों के अनुसार, मुस्कान का भाई दीवार कूदकर अंदर गया और दरवाजा खोला। कमरे का दरवाजा खोलने पर इमरान का शव छत के कुंडे से रस्सी और चुन्नी के सहारे लटका मिला।
पुलिस जांच जारी
सूचना पर पहुंची पुलिस ने फील्ड यूनिट के साथ मौके का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर के मुताबिक, कमरे की कुंडी अंदर से बंद नहीं थी, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है और अन्य संभावनाओं को भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी
