मशहूर निर्देशक अनुराग कश्यप की फिल्म ‘बंदर’ की रिलीज डेट बदल गई है. इस फिल्म में बॉबी देओल लीड रोल में नजर आने वाले हैं. मेकर्स ने इसी साल फरवरी में ऐलान किया था कि ‘बंदर’ 22 फरवरी को रिलीज़ की जाएगी. पर अब रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई है. मेकर्स ने अब इस फिल्म को 5 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों रिलीज़ करने का ऐलान किया है. इसका मतलब है कि जून की शुरुआत में ही बॉक्स ऑफिस पर बॉबी देओल की टक्कर यश के साथ होने जा रही है.
बॉबी देओल की ‘बंदर’ को सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी ने साथ मिलकर लिखा है. साथ ही अनुराग कश्यप इसके निर्देशक हैं, जो हमेशा अलग तरह की फिल्में बनाने के लिए ही जाने जाते हैं. कुछ वक्त पहले ही अनुराग कश्यप की केनेडी आई थी, जिसे काफी तारीफ मिली थी. फरवरी में फिल्म का जो पोस्टर सामने आया था, उसमें बॉबी देओल एक आभासी जेल में नज़र आए थे.
बॉबी देओल ने जब से बड़े पर्दे पर वापसी की है, वो लगातार फिल्मों और वेब सीरीज़ में काम कर रहे हैं. लगातार कई दमदार परफॉर्मेंस देने के बाद बॉबी देओल इस इंटेंस ड्रामा में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं.
फिल्म को निखिल द्विवेदी और सैफरन मैजिकवर्क्स ने मिलकर प्रोड्यूस किया है, साथ ही फिल्म को ज़ी स्टूडियोज का भी सपोर्ट मिला है. फिल्म में बॉबी के अलावा सान्या मल्होत्रा, राज बी शेट्टी, जितेंद्र जोशी, सपना पब्बी, इंद्रजीत सुकुमारन, रिद्धि सेन, सबा आज़ाद और नागेश भोसले जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे.
बॉबी देओल की ‘बंदर’ 5 जून को आ रही है और इससे एक दिन पहले 4 जून को यश की पैन इंडिया फिल्म ‘टॉक्सिक‘ आ रही है. दोनों फिल्मों के बीच भिड़ंत होना तय है. टॉक्सिक एक बड़े बजट की फिल्म है, जिसका इंतज़ार लंबे वक्त से किया जा रहा है. वहीं, बंदर में बॉबी देओल जैसा स्टार है, जो पिछले कुछ वक्त से छाया हुआ है. दोनों फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस टक्कर से किसे ज्यादा नुकसान होगा ये देखना दिलचस्प होगा.
