रिपोर्ट: अजय पाल यादव
बदायूं। जिले के जरीफनगर थाना क्षेत्र के उस्मानपुर गांव में मोबाइल की किस्त जमा करने को लेकर हुए विवाद में 50 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी गई। आरोप है कि कहासुनी और गाली-गलौज के बाद गांव के ही एक युवक ने भीमसेन पर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान भीमसेन (50) पुत्र मनीराम, निवासी उस्मानपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर को गांव के ही अजीत और भीमसेन के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि अजीत ने अपने माध्यम से भीमसेन को किस्तों पर मोबाइल दिलाया था। मोबाइल की किस्त समय पर जमा नहीं होने के कारण दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गई।

आरोप है कि इसी दौरान अजीत ने डंडे से भीमसेन पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण भीमसेन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जरीफनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात हृदेश कठेरिया और सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आरोपी हिरासत में, पुलिस कर रही जांच
एसपी देहात हृदेश कठेरिया ने बताया कि मामले में आरोपी अजीत को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी और मृतक एक ही जाति के हैं। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
