Homeउत्तर प्रदेशचुटकी भंडार गर्ल्स इंटर कॉलेज में कोर्ट नोटिस के बाद हंगामा, शिक्षकों...

चुटकी भंडार गर्ल्स इंटर कॉलेज में कोर्ट नोटिस के बाद हंगामा, शिक्षकों ने बंदी को बताया साजिश

लखनऊ के हुसैनगंज स्थित चुटकी भंडार गर्ल्स इंटर कॉलेज में जर्जर भवन को लेकर लगाए गए कोर्ट नोटिस के बाद विवाद गहरा गया है। नोटिस लगने के बाद शिक्षकों, अभिभावकों और छात्राओं में नाराजगी देखने को मिली। शिक्षकों ने आरोप लगाया कि कीमती जमीन के कारण कॉलेज को बंद कराने की साजिश रची जा रही है।

बुधवार को कॉलेज परिसर में काफी हंगामा हुआ। छात्राओं और अभिभावकों ने स्कूल बंद किए जाने का विरोध करते हुए कहा कि उन्हें यही स्कूल और यही शिक्षक चाहिए। मामले की जानकारी मिलने के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम में शामिल अधिकारी अमिता सिंह ने शिक्षकों और कर्मचारियों से बातचीत कर स्थिति को समझाने का प्रयास किया।

दरअसल, हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने कॉलेज भवन की जर्जर हालत को देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) राकेश कुमार पांडेय को निर्देश दिया है कि एक सप्ताह के भीतर कॉलेज में सभी शैक्षणिक गतिविधियां बंद कराई जाएं। कोर्ट ने छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें आसपास के अन्य विद्यालयों में स्थानांतरित करने के आदेश भी दिए हैं।

यह आदेश न्यायमूर्ति आलोक माथुर और न्यायमूर्ति बृजराज सिंह की खंडपीठ ने विजय कुमार पांडेय द्वारा दाखिल जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया। याचिका में कॉलेज भवन की दयनीय स्थिति और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई थी।

हालांकि, कॉलेज के शिक्षकों का कहना है कि स्कूल को बंद करने के पीछे जमीन से जुड़ा मामला है। उनका आरोप है कि शिक्षा के नाम पर वर्षों से चल रहे संस्थान को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। वहीं अभिभावकों और छात्राओं ने भी स्कूल बंद न करने की मांग उठाई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular