योगी आदित्यनाथ मंगलवार को असम की राजधानी गुवाहाटी पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित नवनिर्वाचित राजग सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान हिमंता बिस्वा सरमा ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिमंता बिस्वा सरमा और मंत्रिमंडल के नवनियुक्त सदस्यों को बधाई देते हुए उनके सफल और उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। समारोह में कई वरिष्ठ नेताओं और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
इससे पहले गुवाहाटी एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों और लोकनृत्य के माध्यम से उनका अभिनंदन किया। वहीं पारंपरिक परिधान में मौजूद महिलाओं ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों ने जयकारों के साथ सीएम योगी का स्वागत किया, जबकि मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
