Yogi Adityanath ने वैश्विक परिस्थितियों और आर्थिक चुनौतियों को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार की तैयारियों की समीक्षा के लिए मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में मुख्य सचिव, डीजीपी समेत सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से Narendra Modi के आह्वान से जुड़ने की अपील करते हुए ईंधन की बचत, सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग, बिजली संरक्षण और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया भर में अस्थिरता और आर्थिक उथल-पुथल का माहौल है। ऐसे में सभी नागरिकों को जिम्मेदारी निभाते हुए संसाधनों का संयमित उपयोग करना होगा। उन्होंने सरकारी तंत्र को भी व्यवहारिक बदलाव लागू करने के निर्देश दिए।
मंत्रियों और अधिकारियों की फ्लीट में 50% कटौती
बैठक में मुख्यमंत्री ने सबसे पहले वीआईपी संस्कृति पर नियंत्रण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों की फ्लीट में तत्काल 50 प्रतिशत कटौती की जाए और अनावश्यक वाहनों को हटाया जाए। साथ ही जनप्रतिनिधियों से सप्ताह में कम से कम एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करने की अपील की गई।
सीएम योगी ने कहा कि मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि जब सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करेंगे तो आम लोगों में भी जागरूकता बढ़ेगी।
‘नो व्हीकल डे’ मनाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” आयोजित करने का सुझाव दिया। इस अभियान में सरकारी कर्मचारियों, स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों और समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने की बात कही गई।
उन्होंने कहा कि स्कूलों में बसों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाए और आवश्यकता पड़ने पर परिवहन निगम की बसों को भी स्कूल सेवाओं से जोड़ा जाए।
वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में “वर्क फ्रॉम होम” संस्कृति को प्राथमिकता दी जाए। जिन संस्थानों और कंपनियों में बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यरत हैं, वहां सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू करने के लिए राज्य स्तर पर एडवाइजरी जारी की जाएगी।
उन्होंने शिक्षा विभाग, सचिवालय और अन्य सरकारी संस्थानों की बैठकों, सेमिनारों और वर्कशॉप्स को अधिकतम वर्चुअल मोड में आयोजित करने के निर्देश दिए। राज्य सचिवालय और निदेशालय की 50 प्रतिशत आंतरिक बैठकों को ऑनलाइन करने की बात भी कही गई।
मेट्रो, बस और ईवी के उपयोग पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन शहरों में मेट्रो सेवा उपलब्ध है, वहां लोग अधिक से अधिक मेट्रो का इस्तेमाल करें। साथ ही सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग, साइकिलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने परिवहन विभाग से कहा कि अधिक भीड़ वाले रूट्स पर बस सेवाएं बढ़ाई जाएं ताकि निजी वाहनों पर निर्भरता कम हो सके।
बिजली बचाने के लिए विशेष अभियान
सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से बिजली बचाने की अपील करते हुए कहा कि सरकारी भवनों, घरों और निजी प्रतिष्ठानों में बिजली का अनावश्यक उपयोग रोका जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स और निजी प्रतिष्ठानों में रात 10 बजे के बाद सजावटी लाइटों का न्यूनतम उपयोग हो।
इसके साथ ही PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana को बढ़ावा देने और रूफटॉप सोलर अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित करने को कहा गया।
विदेशी यात्राओं से बचने और ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान पर जोर
मुख्यमंत्री ने नागरिकों और वेडिंग प्लानर्स से अगले छह महीनों तक गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश में ही डेस्टिनेशन वेडिंग और पर्यटन को बढ़ावा दिया जाए।
उन्होंने “विजिट माई स्टेट” अभियान शुरू करने के निर्देश देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में वेलनेस, ईको, ग्रामीण, वन्यजीव और खान-पान आधारित पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। राज्य के प्राचीन किले, धार्मिक स्थल और हेरिटेज साइट्स को पर्यटन से जोड़ा जाए।
स्वदेशी उत्पादों और ODOP को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सरकार की ओर से One District One Product और GI टैग प्राप्त उत्पादों को उपहार स्वरूप दिया जाए।
सीएम ने कहा कि त्योहारों, शादियों और अन्य आयोजनों में भारत में बने हस्तशिल्प और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दी जाए।
खाद्य तेल की खपत कम करने की अपील
मुख्यमंत्री ने लोगों से खाद्य तेल का उपयोग कम करने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे स्वास्थ्य बेहतर होगा, घरेलू बचत बढ़ेगी और आयात पर निर्भरता भी कम होगी।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। स्कूलों, मेडिकल कॉलेजों, अस्पतालों, जेलों, छात्रावासों और सरकारी कैंटीनों में कम तेल वाले भोजन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
सोने की अनावश्यक खरीद से बचने की सलाह
सीएम योगी ने लोगों से अनावश्यक सोने की खरीद से बचने की अपील की। साथ ही प्रशासन को स्थानीय ज्वेलर्स एसोसिएशन और व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी चिंताओं को दूर करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में PNG नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जाए और लोगों को गैस आधारित ऊर्जा की ओर प्रोत्साहित किया जाए।
